ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली में कैंटर ने मारी टक्कर, चालक की मौत, साथी घायल
टप्पल। अलीगढ़-पलवल मार्ग पर बेरमगंज के पास ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गए। जिसके नीचे दबकर चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव राघवगढ़ी निवासी 30 वर्षीय एदल सिंह पुत्र रनसिंह साथी भागमल के मंगलवार की सुबह साथ गोमत से ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट भरकर जेवर के लिए जा रहा था। तभी बेरमगंज के पास पीछे से तेज गति से आ रहे कैंटर ने उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गए और चालक एदल सिंह टैक्ट्रर-ट्रॉली के नीबे दब गया, जबकि साथी भागमल दूर गिरकर पड़ा। घटना के राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को निकलवाया तथा दोनों घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने एदल को मृत घोषित कर दिया। जबकि साथी की हालत गंभीर देखते हुए जेवर स्थित एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।