धार्मिक स्थल में घुसे आसमाजिक तत्वों ने की तोड़फोड़, श्रद्धालुओं में आक्रोश
-क्वार्सी क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर का मामला, क्षतिग्रस्त देव प्रतिमा को बदलवाने पर हुए शांत
– तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी
अलीगढ़। थाना क्वार्सी क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर में मंगलवार रात कुछ आसमाजिक तत्वों ने एक धार्मिक स्थल में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। सुबह पूजा -अर्चना के लिए पहुंचे लोगों ने जब देव प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त देखा तो उनमें आक्रोश पैदा हो गया। देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने दोषियों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई और क्षतिग्रस्त प्रतिमा को बदलवाने की मांग को लेकर नारेबाजी और हंगामा करना शुरू कर दिया। किसी तरह पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें समझाया। क्षतिग्रस्त देव प्रतिमा को बदलने के बाद ही लोगों का आक्रोश थम सका। मामले में थाने में तहरीर दी गई है।
पूजा- अर्चना को मंदिर पहुंचने पर लोगो को हुई जानकारी
घटनाक्रम के अनुसार मोहल्ला रामनगर में एक धार्मिक स्थल है। मंगलवार रात कुछ आसमाजिक तत्वों ने धार्मिक स्थल में घुसकर देव प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार सुबह लोग पूजा- अर्चना करने पहुंचे तो मूर्ति क्षतिग्रस्त देखकर उनका आक्रोश बढ़ गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। गुस्साए लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर वहां नारेबाजी करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि पहले भी कई बार इस तरह की घटना हो चुकी है। उन्होंने मांग रखी कि क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं को बदलवाया जाए और धार्मिक स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं। हंगामें पर प्रभारी निरीक्षक, सीओ समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने धार्मिक स्थल में नई मूर्ति स्थापित कराते हुए जल्द ही दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई करने एवं सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर लोगों का गुस्सा शांत हो सका। प्रभारी निरीक्षक प्रवेश राणा ने बताया कि इस मामले में रनवीर सिंह की ओर से अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर मामले में जांच की जा रही है।