रोडवेज बसों में बढ़ रहा किन्नरों का आतंक, महिला यात्री के गले से जंजीर तोड़ी
– बन्नादेवी क्षेत्र के मसूदाबाद रोडवेज बस स्टैंड का मामला, पुलिस ने तीन किन्नर दबोचे
अलीगढ़। शहर के गांधीपार्क मसूदाबाद एवं सारसौल सेटेलाइट रोडवेज बस स्टैंड पर किन्नरों का आतंक बढ़ गया है। जो न केवल बस में सवार यात्रियों से नेग के बदले अवैध वसूली करते हैं बल्कि मना करने पर उनके साथ अभद्रता और छीना झपटी भी करते हैं। यात्रियों का आरोप है कि किन्नरों के आतंक को लेकर कई बार शिकायत की गई है। इसके बाद भी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे कभी भी कोई भी बड़ी घटना हो सकती है। इसी क्रम में बुधवार को मसूदाबाद बस स्टैंड के पास रोडवेज बस में नेक मांग रहे किन्नरों ने एक महिला यात्री के गले से सोने की चेन तोड़ ली और चलती गाड़ी से उतर कर भाग गए। पुलिस ने इस मामले में तीन किन्नरों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
थाना बन्नादेवी क्षेत्र के सारसौल निवासी उर्मिला पत्नी अरविंद बुधवार को रोडवेज बस में बैठकर डिबाई जा रही थीं। सारसौल चौराहे के पास से तीन किन्नर बस में चढ़ गए। बस में बैठे यात्रियों से नेग मांगने लगे। उर्मिला ने दस रुपए किन्नर को दे दिए। इसी बीच पीछे खड़े दूसरे किन्नर ने उर्मिला के गले से सोने की चेन तोड़ ली। बस के कुछ आगे पहुंचते ही महिला को गले में चेन न होने का शक हुआ। चेन गायब देख उर्मिला के होश उड़ गए। वह आनन-फानन में टेंपो में बैठकर मसूदाबाद पुलिस चौकी पहुंच गई। वहां पुलिस कर्मियों की मदद से बस स्टेंड के पास खड़े किन्नरों को पकड़ लिया। प्रभारी निरीक्षक बन्नादेवी प्रदीप कुमार ने बताया कि महिला के गले से चेन तोड़ने का मामला सामने आया है। अभी पकड़े गए किन्नरों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।