… जब मुर्गा के चलते रोक देनी पड़ी महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन, अफसरों के होश उड़े
अलीगढ़ । अलीगढ़ रेलवे जंक्शन पर बुधवार को एक मुर्गे के चलते दिल्ली से बिहार जा रही महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन को रोकना पड़ा। ट्रेन की चैन पुलिंग कर रोके जाने पर आरपीएफ और जीआरपी अफसरों के होश उड़ गए। हुआ यूं कि इन दिनों जिले भर के ईट भट्टा पर काम करने वाले बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मजदूर सीजन ऑफ होने पर अपने घरों को जा रहे हैं। इसके चलते ट्रेनों में काफी भीड़ देखी जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली से बिहार जाने वाली महाबोधि एक्सप्रेस में सवार हुए। बिहार की रहने वाली एक महिला मजदूर यात्री प्लास्टिक की बाल्टी में दो मुर्गों को लेकर जा रही थी। ट्रेन अपने निर्धारित दो मिनट के ठहराव के बाद गंतव्य को रवाना हुई । इसी बीच एक मुर्गा किसी तरह से बाल्टी से निकलकर प्लेटफार्म पर दौड़ने लगा। जिस पर महिला ने बिना देरी किए ट्रेन से उतर कर दौड़ लगा दी। यह नजारा वहां मौजूद रेलवे कर्मचारियों ने देखा तो उन्होंने तुरंत चालक दल को सूचित कर ट्रेन को रुकवा लिया। महिला मजदूर की ट्रेन में सवार होने तक ट्रेन खड़ी रही और बाद में उसे गंतव्य की ओर रवाना किया गया। रेलवे अफसरों का कहना है कि मजदूरों के चलते बिहार जाने वाली ट्रेनों में काफी भीड़ देखने को मिल रही है। मजदूरों की यात्रा सुरक्षित बनाने के लिए स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी पुलिस को सतर्क किया गया है। बिहार जाने वाली ट्रेनों में खासकर सावधानी बरती जा रही है।