ड्यूटी के दौरान आशा कार्यकर्ता के साथ चाकू के बल पर युवक ने किया दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
- दूसरे पक्ष ने भी मारपीट व जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाते हुए दर्ज कराई रिपोर्ट
चंडौस। थाना क्षेत्र के एक गांव में सर्वे करने गई आशा कार्यकर्ता के साथ एक युवक ने चाकू के बल पर दुष्कर्म कर डाला। पीड़िता की ओर से आरोपी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं आरोपी पक्ष की ओर से भी मारपीट व जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आशा कार्यकर्ता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 19 जून को शाम करीब चार बजे वह सरकारी कार्य को लेकर एक घर पर पहुंची। जहां पर मौजूदा युवक ने उसे घर में आराम से बैठकर काम करने के लिए अंदर बुला लिया। जैसे ही वह घर में पहुंची तभी आरोपी युवक ने उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया और जबरन दुष्कर्म कर डाला। जैसे-तैसे उसने आरोपी को खुद के चंगुल से छुड़ाया और घर पहुंचकर आप बीती सारी बातें पति को बताई। मामले में जब पति आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचे तो आरोप है कि आरोपी व उसकी पत्नी ने उनके साथ मारपीट कर डाली। वहीं आरोपी पक्ष से उसकी पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आशा कार्यकर्ता व उसके पति समेत अन्य दो लोगों पर मारपीट व जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर सीता राम सरोज ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।