युवक के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की दी धमकी, तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अलीगढ़। थाना महुआखेड़ा की कॉलोनी कुलदीप विहार में दुकान पर सामान लेने गए युवक के साथ नामजद लोगों ने मारपीट करते हुए तमंचा तान दिया। आरोप है कि आरोपियों ने युवक को मकान बेचकर भाग जाने व जान से मारने की भी धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कुलदीप विहार निवासी मुकेश कुमार सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान चलाते हैं। 21 जून की रात्रि में वह घर से जरूरी सामान लेने के लिए एक दुकान पर गए थे। तभी वहां पर कॉलोनी निवासी प्रदीप गुप्ता, मोर मुकुट यादव और रवि पंडित मिल गए। आरोप है प्रदीप ने उन्हें ठाकुर साहब कहते हुए बुला लिया और तंज कसने लगा। इसी बीच वहां मौजूद रवि पंडित ने गुंडा कहते हुए मारपीट कर डाली। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसके ऊपर तमंचा तानते हुए घर बेचकर भाग जाने तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।