फांसी पर लटका दें, प्रशासन को क्या हम आतंकी नजर आते हैं- अशोक
प्रशासन कर रहा है मानसिक उत्पीड़न
अलीगढ़। अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक कुमार पाण्डेय ने अलीगढ़ प्रशासन पर मानसिक प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन जानबूझकर महामंडलेश्वर डॉक्टर अन्नपूर्णा भारती एवं मुझे स्वयं को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है । प्रशासन ने पहले भी महामंडलेश्वर डॉक्टर अन्नपूर्णा भारती के खिलाफ जमानत निरस्तीकरण प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें प्रशासन ने उन मुकदमों का भी जिक्र किया, जिनमें अंतिम रिपोर्ट भी लग चुकी है। पुलिस द्वारा जांच में एफआर लगाने के बावजूद भी महामंडलेश्वर के खिलाफ जमानत निरस्तीकरण प्रार्थना पत्र में उन मुकदमों का जिक्र किया गया है, जिनमें आज तक पुलिस आरोप पत्र दाखिल नहीं कर पाई। स्वयं पुलिस के द्वारा ही लिखे गए हैं उनका भी जिक्र पुलिस ने प्रार्थना पत्र में किया। जिसे माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने निरस्त कर दिया था। उसके बाद पुनः अलीगढ़ पुलिस प्रशासन ने जिला प्रशासन को महामंडलेश्वर अन्नपूर्णा भारती के खिलाफ पुनः जमानत निरस्तीकरण का प्रार्थना पत्र दिया। मेरे स्वयं के खिलाफ भी जमानत निरस्तीकरण का प्रार्थना पत्र दिया, यह निश्चित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखकर प्रार्थना की जाएगी कि क्या हम इतने बड़े अपराधी हैं, जो हिंदुत्व का कार्य कर रहे हैं। हमारा एवं महामंडलेश्वर अन्नपूर्णा भारती का संपूर्ण जीवन सनातन की सेवा में लगा हुआ है। अलीगढ़ पुलिस प्रशासन मनगढ़ंत तरीके से खुद एफआईआर लिखता है और परेशान कर रहा है क्यों न हमें फांसी दे दी जाए। जबकि सभी जानते हैं कि महामंडलेश्वर अन्नपूर्णा भारती अथवा मेरे द्वारा दिए गए किसी भी कथन एवं कृत्य के द्वारा ना तो कहीं कोई दंगा हुआ है ना कहीं पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ा है, फिर भी प्रशासन को हम आतंकवादी क्यों दिखाई देते हैं। वही आतंकियों अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों के आगे प्रशासन नतमस्तक हो जाता है। यह दोहरा चरित्र बर्दाश्त नहीं होगा। अदालत ने प्रशासन की याचिका ख़ारिज कर जवाब दे दिया है। इसकी जानकारी सरकार को दी जायेगी।