बाइक सवार भाई-बहन को रोडवेज बस ने मारी टक्कर, बहन की मौत, भाई घायल
- अतरौली के गांव चौमुंहा के पास हुआ हादसा, गुस्साएं ग्रामीणों ने अलीगढ़-रामघाट रोड पर लगाया जाम
अलीगढ़। अतरौली कोतवाली के गांव चौमुहा के पास रोडवेज बस ने बाइक सवार भाई-बहन को रौंद डाला। हादसे में बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साएं ग्रामीणों ने अलीगढ़-रामघाट रोड को जाम कर दिया। बाद में एसडीएम व सीओ ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वान देकर गुस्साएं ग्रामीणों को शांत कराते हुए जाम को खुलवा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार कदौली निवासी महेंद्र सिंह की 29 वर्षीय पत्नी सर्वेश देवी ने करीब एक माह पूर्व ही तीसरी बेटी को जन्म दिया था। वह अपने मायका चालाकपुर घूमने आई हुई थी। जहां से शुक्रवार शाम को वह अपनी एक माह की बेटी को लेकर भाई तिरकपाल के साथ बाइक से ससुराल जा रही थी। तभी गांव चौमुहा के निकट पीछे से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही भाई-बहन गिर पड़े। जिसमें बहन की बस के पहिए के नीचे आकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाई तिरकपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं मासूम बच्ची को जरा सी भी चोट नहीं पहुंची। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। गुस्साएं ग्रामीणों ने अलीगढ़-रामघाट रोड को जाम कर दिया। जिससे रोड पर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग गई। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों काे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। जानकारी पर एसडीएम अनिल कटियार व सीओ ने कार्रवाई कराने का अश्वासन देकर जाम को खुलवा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। सर्वेश देवी तीन बेटियों की मां थी।