घरेलू कलह में युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, दे दी जान
- सासनीगेट के माेहल्ला पीली कोठी का मामला
अलीगढ़। महानगर के थाना सासनीगेट क्षेत्र के मोहल्ला पीली कोठी में शनिवार देर रात एक युवक ने घरेलू कलह को लेकर कमरे में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। युवक घर का इकलौता बेटा था। घटना के बाद से परिजन बेहाल हैं। मोहल्ला पीलीकोठी निवासी 21 वर्षीय गौरव पुत्र गुड्डू मजदूरी करता था । चार बहनों के बीच इकलौता भाई था। पिता की चार साल पहले मौत हो चुकी है। घर का खर्चा एवं पालन-पोषण की जिम्मेदारी थी। गौरव रोजाना की तरह शनिवार रात खाना खाकर कमरे में सो गया। देर रात गौरव ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। देर रात परिजनों की आंख खुली तो फंदे पर शव लटका देख उनकी चीख निकल पड़ी। शोर-शराबे पर परिजन एवं मोहल्ले के लोग एवं इलाका पुलिस आ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शव सौंप दिया। सासनीगेट के प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू कलह का निकलकर सामने आ रहा है। परिजन इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। अभी पूरे मामले में जांच की जा रही है।