पति-पत्नी में हुआ विवाद, अचानक चल गई गोली, बीएसएफ जवान की मौत
पिसावा क्षेत्र के बसेरा-भदियार गांव की घटना, निजी अस्पताल में जाकर तोड़ा दम
अलीगढ़। जिले के पिसावा क्षेत्र के गांव बसेरा-भदियार में छुट्टी में घर आए एक बीएसएफ जवान के ड्यूटी पर वापसी को लेकर रविवार को पत्नी से विवाद हो गया। इसी बीच अचानक दोनाली बंदूक से गोली चली और बीएसएफ जवान लहू-लुहान होकर गिर पड़ा। परिजन उसे लेकर एक निजी अस्पताल में पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जवान को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पत्नी, बच्चे एवं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छुट्टी लेकर घर आया था जवान
गांव भदियार -बसेरा निवासी 32 वर्षीय कन्हैया लाल करीब आठ साल पहले बीएसएफ में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती इन दिनों नई दिल्ली में चल रही थी। कन्हैयालाल गांव मे अपना मकान बनवा रहे हैं। इसके चलते वे हर शनिवार को छुट्टी लेकर आ जाते थे और रविवार को वापस चले जाते थे। शनिवार को भी वे गांव पहुंचे और रविवार सुबह वापसी की तैयारी कर रहे थे।
पत्नी से बढ़ गया विवाद, बंदूक से चल गई गोली
सुबह करीब 9:30 बजे किसी बात को लेकर कन्हैयालाल और पत्नी प्रीति देवी के बीच विवाद हो गया । बात इतनी बढ़ गई कि प्रीति ने फोन कर जोहरा- चंडौस अपने मायके से भाई प्रमोद को बुला लिया। इससे झगड़ा और बढ़ गया। तभी जवान अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक ले आया। तभी अचानक उससे गोली चल गई। जो कन्हैयालाल के पेट में जा धंसी। इससे कन्हैया लहू-लुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक चली गोली की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और कन्हैयालाल को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया । घटना के वक्त घर से मां इमरती देवी, छोटे भाई की पत्नी राधा खेतों पर मूंग तोड़ने गई हुई थीं। भाई कृष्णा गांव में ही मनरेगा का काम करने गया हुआ था। घटना के वक्त घर में केवल राजमिस्त्री एवं मजदूर काम कर रहे थे। इस बीच साला प्रमोद कुमार मौके से फरार हो गया।
अफसरों ने किया मुआयना, साक्ष्य संकलित
हादसे के बाद से पत्नी समेत दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बीएसफ जवान की मौत की खबर पर थाना प्रभारी पिसावा उपेंद्र कुमार मलिक, सीओ खैर राजीव द्विवेदी, फॉरेंसिक टीम एवं एसपी देहात पलाश बंसल आदि पहुंच गए। एसपी देहात पलाश बंसल के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद होने की जानकारी मिली है। बंदूक से गोली चली अथवा किसी ने चलायी इस बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है। घर में काम कर रहे राजमिस्त्री एवं मजदूरों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य भी संकलित किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।