ट्रक में भूसे की तरह भरे हुए थे पशु, रिपोर्ट दर्ज
इगलास। कोतवाली पुलिस ने पशुओं के साथ क्रुरता करने पर ट्रक चालक व उसके साथियों को पकड़ लिया। ट्रक में 42 पशुओं को भूसे की तरह भर रखा था। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
अतिरिक्त निरीक्षक कोमल सिंह ने बताया कि अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर पशुओं से भरे हुए ट्रक को चेकिंग के दौरान रोका गया। ट्रक में 42 पशुओं को भूसे की तरह भर रखा था। जिसमें 40 भैंस व दो भैंसा थे। भीषण गर्मी होने के कारण पशुओं की हालत खराब हाे रही थी तथा कुछ पशु मरणासन अवस्था में थे। मौके से ट्रक चालक इलियाश पुत्र बाबू खां व इसके साथी याशीन पुत्र हनीफ निवासीगण नगीना मस्जिद के पास, सोजत रोड जिला पाली (राजस्थान) को पकड़ लिया गया। दोनों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पशुओं को पशु पालकों के सुपुर्दगी में दिया गया है।
भाईयों के साथ की मारपीट
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव जटवार निवासी राहुल कुमार पुत्र दलपत सिंह का कहना है कि 25 जून की शाम को वह पांच बजे भाई योगेश के साथ खेत पर था। इस दौरान गांव के ही दुर्ग सिंह, रतन सिंह, विष्णु, कुलदीप, अमित कुमार ने मंदिर के पौधों के विवाद को लेकर मारपीट कर दी। जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।