मंडलायुक्त ने आखिर क्यों जताई नाराजगी ?
- मंडलायुक्त ने टमकौली स्थित निर्माणाधीन अटल आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण
गभाना। टमकौली स्थित निर्माणाधीन अटल आवासीय विद्यालय का बुधवार को कमिश्नर नवदीप रिणवा ने निरीक्षण कर कार्य की प्रगति को देखा। इस दौरान उन्होंने धीमी गति से कार्य होने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित निर्माणदायी संस्था को दो शिफ्टों में मजदूर लगाकर कर काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
59 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा विद्यालय
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’’ के अन्तर्गत अलीगढ़ मंडल के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे, अनाथ बच्चे, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, भूमिहीन परिवार के 6 साल से 14 साल तक के बच्चों को निश्शुल्क शिक्षा प्रदान करने लिए प्रदेश सरकार की ओर से टमकौली गांव में लगभग 13.58 एकड़ क्षेत्रफल (25355 वर्गमीटर) में 59 करोड़ रुपये की लागत से विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें 1000 छात्र-छात्राओं काे आवासीय सुविधाओं के साथ उच्च शिक्षा मुहैया कराई जाएगी। विद्यालय में मुख्य भवन के साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास, कैंटीन व स्टाफ के लिए आवासीय भवन भी बनाए जा रहे हैं।

95 प्रतिशत कार्य हुआ पूरा
बुधवार को मंडलायुक्त ने औचक निरीक्षण कर अधीनस्थों व कार्यदायी संस्था से कार्य की प्रगति की जानी। जिस पर उन्होंने बताया कि विद्यालय में 95 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं का छात्रावास, टाइप-3, 2 आवास का फिनिशिंग का कार्य शेष है। कमिश्नर ने कार्य की धीमी गति से पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर आदित्य त्यागी को दिन-रात की शिफ्ट में मजदूर लगाकर शेष बचे कार्य को पूरा कराने के निर्देश दिए।

जुलाई से होगा नवीन शिक्षा सत्र का प्रारंभ
मंडलायुक्त ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजानों में शामिल है। जुलाई से विद्यालय में नवीन शैक्षिक सत्र प्रारंभ किया जाएगा। जिसके लिए मंडल के अलीगढ़, हाथरस, एटा व कासगंज जनपद में कक्षा छह के लिए प्रवेश परीक्षा भी कराई जा चुकी है। विद्यालय भवन में बिजली, पानी की समुचित व्यवस्था रखी जाए। इस दौरान एसडीएम केबी सिंह, अधिशासी अभियंता लोकनिर्माण विभाग, विश्व बैंक खंड इंद्रपाल सिंह, सहायक अभियंता नवेद, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।