घबराएं नहीं, शांति से मनाएं त्योहार.. सुरक्षा में है पुलिस
- सीओ ने पुलिस के साथ चंडौस में किया पैदल मार्च
चंडौस। गुरुवार को बकरीद को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। पुलिस टीम थानों पर शांति समिति बैठक करने के साथ ही फ्लैग मार्च कर आमजन को सुरक्षा का एहसास दिलाने में जुटी हुई है। इस क्रम में बुधवार को सीओ गभाना सुमन कनौजिया ने थाना पुलिस के साथ कस्बा के बाजार व विभिन्न मोहल्लों में पैदल मार्च किया। इस दौरान सीओ ने लोगों से बकरीद पर्व को आपसी प्रेम व सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति यदि शांतिभंग करने की कोशिश करे तो तत्काल उसकी सूचना थाना पुलिस व कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते ऐसे लोगों के विरूद्ध कार्रवाई की जा सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने भी त्योहारों की आड़ मे फिजा खराब करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा। इस दौरान उनके साथ इंस्पेक्टर सीता-राम सरोज समेत थाना पुलिस मौजूद रही।