रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

ठंडी भी न हुई थी पिता की चिता, हादसे में बेटे को भी काल ने लिया लील

– बुलंदशहर के राजघाट से अंतिम संस्कार कराकर परिजनों के साथ कार से अलीगढ़ लौट रहे थे कारोबारी

-जवां क्षेत्र में तेजपुर के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर गड्डे में पलटी

– कार में चार बच्चों समेत छह लोग हुए घायल

अलीगढ़। जवां थाना क्षेत्र में अलीगढ़- अनूपशहर रोड पर गांव तेजपुर के पास मंगलवार बुलंदशहर के राजघाट पर पिता का अंतिम संस्कार कर परिजनाें के साथ से लौट रहे अलीगढ़ के कारोबारी की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराते हुए पलट गई। हादसे में कार सवार चार बच्चे व कारोबारी समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां पर कारोबारी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पिता की मौत के बाद बेटे की भी मौत से गमगीन परिवार के ऊपर पहाड़ टूट पड़ा। घटना के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।

प्रमुख किराना व्यापारी का सोमवार रात को हो गया था निधन

अलीगढ़ के थाना देहलीगेट के महावीरगंज के प्रमुख किराना कारोबारी 75 वर्षीय सुरेश चंद्र अग्रवाल का सोमवार रात निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन मंगलवार को बुलंदशहर के राजघाट गए थे। जहां से वह अंतिम संस्कार कराकर दोपहर को अलग-अगल वाहनों से वापस अलीगढ़ लौट रहे थे। कुछ लोग एक फार्चूनर कार में भी सवार थे।

पेड़ से टकराकर गड्ढे में पलटी कार

जवां क्षेत्र में अलीगढ़-अनूपशहर रोड पर तेजपुर के पास जैसे ही फर्चूनर कार पहुंची। तभी किसी वाहन को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराई, फिर कई पलटा खाते हुए गड्ढे में जा पलटी। हादसे के बाद कार में सवार लोगों में मदद को चीख पुकार मचने लगी। शाेर-शराबा सुनकर आस-पास के ग्रामीण व राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलाें को ग्रामीणों की मदद से कार से बाहर निकलवाकर उपचार को जेएन मेडिकल कॉलेज में भिजवा दिया।

उपचार के दौरान तोड़ा दम

कार में दिवंगत कारोबारी सुरेश चंद्र अग्रवाल के बड़े बेटे 48 वर्षीय कृष्ण कुमार अग्रवाल उर्फ बॉबी, उनका 11 वर्षीय बेटा अनंत, सात वर्षीय अगम, 11 वर्षीय आरव पुत्रगण नितिन अग्रवाल, 12 वर्षीय सक्षम पुत्र प्रशांत, सत्यप्रकाश व उनके बेटे नितिन अग्रवाल घायल हो गए। जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरार कृष्ण कुमार अग्रवाल ने दम तोड़ दिया। वहीं घायलों का उपचार जारी है। हादसे की खबर जैसे ही परिजनों काे हुई तो उनका रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!