पति ने नहीं खिलाए गोलगप्पे नाराज होकर घर से निकली पत्नी, ट्रेन में हुई प्रसव पीड़ा
– अलीगढ़ स्टेशन पर रोकनी पड़ी कैफियात एक्सप्रेस
– एंबुलेंस की मदद से आरपीएफ जीआरपी ने महिला को जिला अस्पताल में कराया भर्ती
अलीगढ़। गोलगप्पे खाने की जिद पर अड़ी एक महिला पति से इस कदर नाराज हुई की घर से निकल कर सीधे ट्रेन में बैठकर मायके जाने लगी। किसी भी ट्रेन में उसे प्रसव पीड़ा हुई तो अलीगढ़ स्टेशन पर होते हैं यात्रियों की मदद से उतार लिया गया। महिला को उपचार के लिए मोहनलाल गौतम जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पति भी दिल्ली से अलीगढ़ आ गया।
पति से नाराज होकर जा रही थी मायके
घटनाक्रम के अनुसार जनपद आजमगढ़ के रहने वाले एक दंपत्ति दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं। पत्नी गर्भवती थी और उसका नौवां महीना चल रहा था। अगले एक-दो दिन में उसकी डिलीवरी होने थी। महिला ने अपने पति से गोलगप्पे खिलाने की मांग रखी।
पत्नी का आरोप है कि पति ने गोलगप्पे खिलाने से इंकार कर दिया। इस पर वह नाराज होकर घर से निकल आई और दिल्ली से कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन में बैठकर अपने मायके आजमगढ़ जा रही थी। जैसे ही ट्रेन गाजियाबाद स्टेशन को पार कर अलीगढ़ की ओर बढ़ रही थी,
तभी महिला को जोर से प्रसव पीड़ा होने लगी। महिला की चीख पुकार सुनकर बोगी में बैठी महिला यात्री उसके पास आ गई। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे प्रसव पीड़ा हो रही है। इस पर यात्रियों ने रेलवे स्टाफ को इस मामले की जानकारी दी।
महिला अस्पताल में कराई भर्ती
कंट्रोल रूम के जरिए अलीगढ़ स्टेशन पर इसकी जानकारी दी गई तो चिकित्सक और स्टाफ के अलावा आरपीएफ, जीआरपी, चाइल्ड लाइन की टीम प्लेटफार्म नंबर 2 पर आ गई और महिला को ट्रेन से नीचे उतार लिया गया।
इसके बाद महिला को एंबुलेंस की मदद से मोहनलाल गौतम महिला चिकित्सालय में ले जाकर भर्ती करा दिया गया। फोन पर सूचना देकर महिला के पति को भी अलीगढ़ बुला लिया गया है। महिला डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कर ली गई है।