खेलते-खेलते गर्म तेल की कढ़ाई में गिरा बच्चा, हालत गंभीर
अलीगढ़। थाना गांधीपार्क के धनीपुर में खेलते-खेलते एक बच्चा गर्म तेल की कढ़ाई में गिर पड़ा। परिजनों ने बच्चे को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार धनीपुर निवासी संगीता देवी बुधवार को चूल्हे पर खाना पका रही थी। पास ही में उनका ढाई साल का बेटा चीकू खेल रहा था। चीकू अचानक से खेलते हुए मां की कमर पर आकर लटक गया। संगीता देवी जब बच्चे को संभाल पाती उससे पूर्व ही चीकू चूल्हे पर रखी गर्म तेल की कढाई में गिर पड़ा। यह सब देख चीकू की मां की चीख निकल पड़ी। चीख-पुकार सुनकर परिजन व आस-पड़ौस के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन बच्चे को उपचार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर बच्चे की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां पर बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।