चार माह तक किया दुष्कर्म, अश्लील फोटो वायरल करने की दी धमकी
इगलास कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की घटना, चचेरे भाई ने दी धमकी
इगलास| कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के साथ युवक चार माह तक दुष्कर्म करता रहा। युवक अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देता था। आरोपित किशोरी के चचेरे भाई का मित्र है। चचेरा भाई भी उसका सहयोग करता था, कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है।
एक गांव निवासी व्यक्ति का कहना है कि उसकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। वह बच्चों के साथ खेत पर चला जाता है। घर पर सिर्फ 17 वर्षीय बेटी अकेली रहती है। 24 जुलाई को दोपहर करीब दो बजे बेटी को भतीजा यह कहकर बुलाकर ले गया कि उसे दोस्त गौरव घर पर बुला रहा है। बेटी को गौरव के पास छोड़कर भतीजा बाहर चला गया। युवक ने बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। शाम को घर लौटने पर बेटी ने घटना की जानकारी दी।
आरोप है कि चार माह पूर्व आरोपित ने भेलपुरी खिलाकर बेहोश कर दिया था और अश्लील फोटो खींच लिए थे। वह फोटो प्रसारित करने की धमकी देकर चार माह से दुष्कर्म कर रहा है। घटना के बाद पीड़ित ने बेटी को बहन के यहां भेज दिया तो युवक द्वारा धमकी दी जाने लगी और मोबाइल पर फोटो प्रसारित कर दिए। जब भतीजे से उसके दोस्त की शिकायत की तो उसने गाली गलौज करते हुए पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी।
इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता के प्रार्थना पत्र पर गौरव व धर्मेंद्र के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।