रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

मां से कहा अब नहीं जीना…. खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

चंडौस। थाना क्षेत्र के गांव सूरजपुर में गुरुवार को एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। ग्रामीणों के अनुसार युवक पारिवारिक समस्याओं के चलते परेशान चल रहा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।

गांव में करता था खेतीबाड़ी

सूरजपुर निवासी बुद्धपाल का 25 वर्षीय सबसे छोटा बेटा यशपाल उर्फ लाला गांव में रहकर खेतीबाड़ी करता था। जबकि उसका सबसे बड़ा भाई शिवकुमार अलीगढ़ में रहता है, जबकि दूसरे नंबर का भाई ओमपाल उर्फ कालू बुलंदशहर जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यशपाल उर्फ लाला पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहा था। कोर्ट में चल रहे पारिवारिक मुकदमों के चलते काफी जमीन बिक चुकी है। जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी दयनीय हो रही थी।

मां से बोला अब नहीं जीना

परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह यशपाल उर्फ लाला खेतों से घर लौटकर आया और अपनी मां से बोला कि वह काफी परेशान है, उसे अब नहीं जीना है। यशपाल अक्सर इस तरह की बातें करता था तो मां ने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और अपने काम में लग गई। यशपाल ने खुद को कमरे में बंद कर लिया, इस दौरान उसने कहीं से लाए तमंचा से खुद की कनपटी पर गोरी मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन व आस-पास के लोग मौके पर जुट गए। जब तक परिजन उसे कहीं ले जाते, उससे पूर्व ही उसकी मौत हो गई।

सीओ व फॉरेसिंक टीम ने मौके से जुटाई जानकारी

घटना की जानकारी पर थाना पुलिस के अलावा सीओ गभाना सुमन कनौजिया व फॉरेसिंक टीम मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं फॉरेसिक टीम ने घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किए। सीओ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है। 

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!