रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

डाॅ. श्रॉफ हॉस्पिटल में हुआ एनुअल पार्टनर मीट का आयोजन

 

इगलास। जनपद मथुरा के वृंदावन में अटल्ला चुंगी स्थित डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल में शुक्रवार को एनुअल पार्टनर मीट का आयोजन किया गया। जिसका विषय भागीदारी एक पहल रखा गया था। कार्यक्रम में जनपद अलीगढ़, हाथरस के साथ ही मथुरा के छाता, राया, कोसी, गोवर्धन, बलदेव आदि कस्बों के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में नेत्र रोगों से संबंधित बीमारियों की जानकारी के साथ ही हॉस्पिटल द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

नि:शुल्क जांच शिविर का करते है आयोजन

हॉस्पीटल के पब्लिक हेल्थ एंड प्रोजेक्ट मैनेजर विनय सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. श्रॉफ आई हॉस्पिटल द्वारा आंखों की बीमारियों की जागरूकता के लिए ग्रामीणों क्षेत्रों में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

उन्होंने आंखों के रोगों और उनके निदान के बारे में व अस्पताल की सभी सुविधाओं के बारे मे विस्तार से बताया। कहा कि वर्षों से डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन कर रहा है। इन शिविरों में मोतियाबिंद तथा अन्य समस्याओं वाले मरीजों की नि:शुल्क सर्जरी तथा अन्य गंभीर बीमारियों की जांच की जाती है।

मोतियाबिंद करता है दृष्टि प्रभावित

नेत्र परीक्षक बबलू चौधरी ने मोतियाबिंद जैसी गंभीर बीमारी पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मोतियाबिंद धीरे-धीरे विकसित होता। प्रारंभ में दृष्टि प्रभावित नहीं होती है, लेकिन समय के साथ यह दृष्टि को धुंधला कर देता है।

मोतियाबिंद के कारण मरीज के लिए सामान्य गतिविधियों को करना भी मुश्किल हो जाता है। इसके निदान के लिए ऑपरेशन ही एकमात्र विकल्प है। इस ऑपरेशन में डॉक्टर द्वारा आंख से अपारदर्शी लेंस को हटाकर की प्राकृतिक लेंस के स्थान पर नया कृत्रिम लेंस आरोपित किया जाता है। सर्जरी के बाद मरीज को बेहतर दृष्टि परिणाम मिलते हैं।

स्क्रीन का आंखों पर होता है प्रतिकूल प्रभाव

नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सुफियान दानिश ने नेत्रों की समय-समय पर जांच कराने के साथ ही सावधानियां बरतने की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लंबे समय तक मोबाइल की स्क्रीन पर समय बिताने से आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इसलिए, स्क्रीन टाइम कम करने के साथ-साथ आंखों की अच्छी देखभाल करना जरूरी हो गया है।

सहभागियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम को दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार योगेश कौशिक, समाज सेवी व वरिष्ठ लेखक सतेंद्र कुमार जोशी आदि ने भी संबोधित किया और डॉ. श्रॉफ आई हॉस्पिटल द्वारा जनहित में की जा रही पहल मुक्त कंठ से सराहना की। इस अवसर पर सहभागियों को प्रतीक चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नेत्र परीक्षक राजा बाबू, इमतियाज, शशांक, संजय, उमाकांत, विष्णु, धर्मेंद्र, सोनू के साथ ही शिक्षक सुनील शर्मा, डा. संजीव गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!