21 जुलाई से 21 अगस्त तक डोर टू डोर मतदाता सूची का होगा सत्यापन
गभाना। निर्वाचन आयोग ने आगामी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। अायोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया है।
शुक्रवार को तहसील सभागार में एसडीएम केबी सिंह ने बरौली विधानसभा के BLO (बूथ लेवल ऑफीसर) के साथ बैठक करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 14 से 24 जुलाई तक सभी बीएलओ अपने बूथों का भौतिक सत्यापन करें। जहां मतदान केंद्रों की स्थिति मूलभूत सुविधाएं रोशनी, पानी, शौंचालय, रैंप आदि की व्यवस्था को देखें। यदि कोई बूथ जर्जर हालत में हो तो उसकी सूचना तुरंत दें।
उन्होंने कहा कि 21 जुलाई से 21 अगस्त तक BLO घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें। एक अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले तथा नव विवाहिता का नाम सूची से जोड़ा जाए। मृतक तथा विलोपित लोगों के नाम सूची से पृथक किए जाएं।
उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशित होगा तथा 30 नवंबर तक दावा/ आपत्तियों को लिया जाएगा। जिनका निस्तारण 26 दिसंबर तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अवधि में 28, 29 अक्टूबर, चार व पांच तथा 25 व 26 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जबकि 5 जनवरी 2024 को सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी, शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर तहसीलदार उदयवीर सिंह, नायब तहसीलदार संदीप चौधरी, अजेंद्र तौमर, कपिल जादौंन समेत बीएलओ मौजूद रहे।