एक किलो गांजा लेकर जा रहा था युवक, पुलिस ने भेजा जेल
पिसावा। थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान गांजा लेकर जा रहे एक आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ लूट समेत विभिन्न मामलों में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
थाना प्रभारी पिसावा उपेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ जट्टारी बॉर्डर पर वाहनों की चेकिंग करा रहे थे। तभी उन्हें पैदल-पैदल एक युवक आता दिखा। युवक पुलिस को देखकर सकपका गया। जिस पर पुलिस को शक हो गया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ शुरू कर दी। जिसमें उसने अपना नाम सुंदर पुत्र रामवीर निवासी रायपुर थाना पिसावा बताया।
तलाशी में उसके पास से थैला में एक किलो दो सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ है। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी पर थाना पिसावा में लूट, चोरी, गैगस्टर एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं। शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।