रात में सोते रहे, सुबह जागे तो रह गए दंग
इगलास। क्षेत्र के गांव ब्यौहरा में चोरों ने एक घर में कूमल लगाकर नगदी सहित लाखों रुपये के जेवर पार कर दिए। घटना के दौरान घर वाले सोते रहे। चोर पांच सौ मीटर दूर बाजरा के खेत में खाली सूटकेसव अन्य सामान छोड़कर भाग गए। कोतवाली पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया।
गांव ब्यौहरा निवासी पूरन देवी पत्नी स्व. सुभाष ने बताया कि वह आंगन में परिवार के साथ सो रही थीं। सुबह करीब चार बजे बारिश होने पर कमरे का दरवाजा खोला तो कुंडी अंदर से बंद थी। चोर घर के पीछे कूमल लगाकर सामान चोरी कर ले गए।
घर से पांच सौ मीटर दूर बाजरा के खेत में कपड़े, खाली सूटकेस व कागजात पड़े मिले हैं। पीड़िता के अनुसार चोर 62 हजार रुपये, सोने की पांच अंगूठी, दो हार, दो टीका, दो जोड़ी कुंडल, एक चैन, चार लोंग, एक किलो चांदी के जेवर चोरी करके ले गए हैं।
चोरी के सामान की कीमत पांच लाख बताई है। पीड़िता का कहना है कि ज्वैलरी उसकी बेटी की है जिसकी शादी पांच माह पहले हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। कोतवाल प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।