कार में मिले सरकारी फर्जी दस्तावेज व मुहर, एक आरोपी को पकड़ा
खैर। थाना पुलिस ने गस्त के के दौरान एक संदिग्ध युवक को कार समेत पकड़ लिया। तलाशी में पुलिस को कार से एक दर्जन से अधिक सरकारी फर्जी मुहर, फर्जी आधार कार्ड व नगदी बरामद हुई। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।
इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि शनिवार रात्रि में पुलिस टीम क्षेत्र में गस्त कर रही थी। तभी टेटीगांव मार्ग पर गांव अरनी चौराहे के पास पुलिस को एक संदिग्ध युवक कार के साथ खड़ा दिखाई पड़ा। पुलिस टीम ने युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम हर्ष निवासी अलीगढ़ बताया। कार की तलाशी करने पर एक दर्जन से अधिक सरकारी मुहर, फर्जी दस्तावेज व करीब एक लाख रुपये की नगदी बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कार के साथ थाना लाया गया है, जहां पर उससे पूछताछ की जा रही है।