कौशांबी से दिल्ली जा रहे युवक की ट्रेन से गिरकर हुई मौत
चंडौस। थाना क्षेत्र गांव नूरपुर के निकट दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर कौशांबी से दिल्ली जा रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। युवक के पास मिले दस्तावेजों व मोबाइल फोन से उसकी शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों के देने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह नूरपुर के पास दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन के पास ग्रामीणों एक युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा दिखा। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी बाद में युवक की जेब में मिले दस्तावेजों व मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान कौशांबी निवासी आर्यन पुत्र नागेश के रूप में हो गई। परिजनों ने पुलिस को फोन पर बताया कि आर्यन रीबा एक्सप्रेस ट्रेन से कौशांबी से दिल्ली जा रहा था। हादसे की जानकारी पाकर परिजन अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।