एएमयू में हिंदूवादी व छात्र आए आमने सामने, जय श्री राम व अल्लाह-हूं-अकबर के लगे नारे
- हिंदू युवक के साथ पिटाई का वीडियो वायरल होने पर गुस्साए हिंदूवादी पहुंचे कैंपस
अलीगढ़। एएमयू हॉस्टल में समुदाय विशेष छात्रों द्वारा हिंदू युवक की पिटाई का वीडियो वायरल होने पर बुधवार शाम को हिंदूवादी छात्र एकत्रित होकर एएमयू पहुंच गए और जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपी की गिरफ्तार की मांग करने लगे। वहीं हिंदूवादियों के कैंपस पहुंचने के बाद एएमयू छात्र भी उनके विरोध में उतर आए। हिंदूवादी छात्रों और एएमयू छात्र आमने सामने आ गए और दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। जानकारी पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रॉक्टोरियल टीम की मदद से एएमयू छात्रों को कैंपस के अंदर भेजा और हिंदूवादी छात्रों को समझा बुझाकर वापस भेज दिया।
बता दें कि बुधवार को एएमयू छात्रों द्वारा हॉस्टल में एक हिंदू युवक काे बंद कर बेल्ट व लात घूंसों से मारपीट करते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। घटना का वीडियो वायरल होने पर पूरे शहर में इसका विरोध शुरू हो गया। शाम को विरोध में तमाम हिंदूवादी छात्र एकत्रित होकर एएमयू कैंप में पहुंच गए। बाब-ए-सैयद गेट पर हिंदूवादी छात्र और एएमयू छात्र आमने सामने आ गए। इस दौरान हिंदूवादियों ने भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिए वहीं एएमयू छात्रों ने भी नारा-ए-तकबीर और अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगाना शुरू कर दिया। छात्रों के बीच विवाद की जानकारी पर पुलिस और प्रॉक्टोरियल टीम पहुंच गई और दोनों पक्षों को अलग-अलग करने की कोशिश शुरू कर दी। पुलिस दोनों पक्षों को समझा बुझाकर कर शांत कराकर वापस भेज दिया।
पीड़ित के भाई ने कराया मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
एसपी सिटी कुलदीप गुनावत ने बताया कि पीड़ित आकाश के भाई विकास कुमार की ओर से आरोपी छात्र फरहान खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तार कर लिया गया है।