एसडीओ लिखी कार ने दो भाईयों को रौंदा, एक मासूम की मौत
अलीगढ़। थाना मडराक क्षेत्र के अड्डे पर मां को खाना देकर घर लौट रहे दो भाईयों को एसडीओ की कार ने रौंद दिया। हादसे में एक मासूम की मौत हो गई, जबकि दूसरे भाई का गंभीर हालत में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के मडराक क्षेत्र के गांव नगला पूरनमल निवासी कालूराम बाल्मीकि मेहनत मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी मडराक स्थित एक निजी अस्पताल में झाडू पोंछा लगाने का काम करती है। गुरुवार को कालूराम का 9 वर्षीय सबसे छोटा बेटा राज उर्फ राजा चचेरे भाई नकश के साथ अस्पताल में मां को खाना देने गया था। दोनों खाना देकर घर लौट रहे थे।
तभी रोड को पार करने के दौरान सामने से एसडीओ लिखी आ रही बुलेरो कार ने दोनों भाईयों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और दोंनों बच्चों को उपचार को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने घायल बच्चों को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया।
जहां पर डॉक्टरों ने राज उर्फ राजा को मृत घोषित कर दिया। जबकि नकश का उपचार जारी है। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था। इंस्पेक्टर बालेंद्र सिंह ने बताया कि एसडीओ लिखी गाड़ी किसी विभाग की थी, गाड़ी नंबर के आधार पर पता लगाया जा रहा है।