मां के साथ छत पर सो रही थी युवती, पड़ौसी ने की छेड़छाड़
- गभाना। थाना क्षेत्र के एक गांव में मां के साथ छत पर सो रही युवती के साथ पड़ौस के युवक ने छेड़छाड़ कर डाली। आरोप है कि आरोपी के पिता से शिकायत की गई तो उसने भी पीड़िता के भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए भगा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पड़ौस का अजय पुत्र सुरेश उसकी बहन को आए दिन तंग करता है। स्कूल व खेतों पर आने- जाने के दौरान वह बहन का पीछ़ा करता है और अश्लील कमेंट करता है। बहन ने उसकी शिकायत घर पर करने की कहीं, लेकिन वह नहीं माना। जिस पर बहन ने सारी बात उसे बताई।
मामले में उसने आरोपी के पिता से शिकायत की, जिस पर उसने बेटा को समझाने का अश्वासन दिया। बीती 27 जुलाई की रात में उसकी बहन मां के साथ छत पर सो रही थी। रात में करीब एक बजे आरोपी अजय अपने चाचा के घर के रास्ते से उसकी छत पर आ गया और बहन के साथ अश्लील हरकत करने लगा। बहन की चीख सुनकर मां भी जाग गई। मां ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर-शराबा पर ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। जिन्हें आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। आरोप है कि मामले में जब आरोपी के पिता से शिकायत करने पहुंचा तो उसने भी गाली-गलौज करते हुए उसे भगा दिया। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।