जेसीबी से तुड़वाया घर, ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज
चंडौस। थाना क्षेत्र के गांव कसेरू में ग्राम प्रधान ने तालाब की जमीन बताते हुए एक युवक के मकान को बिना किसी सूचना के जेसीबी से तुड़वा डाला तथा घर के बाहर खड़े वर्षों पुराने शीशम के पेड़ को भी कटवा कर ले गया। आरोप है कि पिता के विरोध करने पर ग्राम प्रधान अपने परिवारीजनों व समर्थकों से धमकी भी दिलवा रहा है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी के आदेश पर कसेरू निवासी नितिन गोस्वामी पुत्र सतीश गिरी ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि वह कानपुर कमिश्नरेट में नौकरी करता है। आरोप है कि ग्राम प्रधान रामवीर गिरी ने बिना किसी चेतावनी के उसके घर को जेसीबी से तुड़वा दिया। पिता के पूछने पर ग्राम प्रधान ने घर तालाब की जगह में होना बताया।
पीड़ित का आरोप है कि सरकारी दस्तावेजों में करीब 11 बीघा तालाब की भूमि दर्ज हैं, जबकि मौजूदा समय में तालाब 15 बीघा भूमि में मौजूद हैं। आरोप है कि ग्राम प्रधान उसके घर के आगे लगे करीब 30 वर्ष पुराने शीशम के पेड़ को भी जबरन कटवाकर ले गया है। पिता ने विरोध किया तो आरोप है कि ग्राम प्रधान अपने परिवारिजनों व समर्थकों से धमकी दिलवा रहा है।
इंस्पेक्टर सीताराम सरोज ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान रामवीर गिरी व अज्ञात परिजनों व समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।