बरौली में गैस सिलेंडर लीक होने को लेकर दो समुदाय में हुआ जमकर विवाद, पीएससी व पुलिस फाेर्स तैनात
- 100 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर भेजा जेल
अलीगढ़। थाना जवां क्षेत्र के कस्बा बरौली में गुरुवार की शाम को गैस सिलेंडर लीक होने पर हुए विवाद में गुरुवार को दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। मामले में एक पक्ष से तीन लोग घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष की तीन बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मामला दो समुदाय से जुड़े होने पर भारी संख्या में पुुलिस फोर्स व पीएसी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित पक्ष की ओर से 14 नामजद व 90 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पक्ष के तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गैस लीक होने से शुरू हुआ था विवाद
कस्बा बरौली निवासी गैस एजेंसी संचालक मासूल अली पुत्र लुतफी खां ने बताया कि 9 अगस्त को उनका पुत्र आविद और नौकर सत्येंद्र अनाज मंडी के पास गैस वितरित कर रहे थे। इसी दौरान थाना गभाना के गांव गांवरी निवासी नाहर सिंह पुत्र भूरा और तीन अन्य लोग वहां आए और घटतौली का आरोप लगाते हुए गालीगलौज शुरू कर दिया। विरोध पर उक्त लोगों कर्मचारी व बेटे के साथ मारपीट करते हुए तमंचा की वट मारकर घायल कर दिया। जिस पर उन्होंने मामले में लिखित शिकायत बरौली चौकी में दे दी।
गुरुवार शाम को फिर से दोनों पक्षों में हुआ विवाद
गुरुवार को दोनों पक्षों को चौकी बुलाया गया, लेकिन आरोपी पक्ष चौकी नहीं पहुंचा। आरोपी पक्ष गरुवार देर शाम को उनके घर पहुंच गए और जमकर पथराब करते हुए घर में घुसकर परिजनों के साथ मारपीट कर डाली। जिसमें जुवैदा, नाजिम व असलम घायल हो गए। लोगों के विरोध के देखते हुए आरोपी पक्ष अपनी तीन बाइकों को छोड़कर मौके से भाग गए। जिस पर गुस्साएं तीनों बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
दो समुदायों का विवाद होने पर दौड़ी पुलिस
पथराव और मारपीट कई घंटों तक चलता रहा और फिर पूरे इलाके में रोष फैल गया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने की खबर मिलते ही इलाका पुलिस व आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एहतियान के तौर पर पुलिस फोर्स व पीएसी बल तैनात कर दिया गया। शुक्रवार को जुमे की नामाज शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए एसडीएम गभाना केबी सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस शैव्या गोयल, सीओ सिविल लाइन अशोक कुमार, सीओ छर्रा शुभेंदु सिंह मौजूद रहे।
तीन लोगो को गिरफ्तार कर भेजा जेल
एसपी सिटी मुकेश कुमार उत्तम ने बताया कि पीड़ित मासूम अली की तहरीर के आधार पर नाहर सिंह, संदीप, राहुल, भूरा, प्रवीन उर्फ भोला, निवासीगण गांवरी, राजेश उर्फ टिंकू, गौरव, सौरभ निवासीगण बरौला, हन्ना, सचिन, छोटू, मोहित, अंकित निवासीगण श्यामपुर बरौली, अभिषेक बरौली समेत 90 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें से पुलिस ने सचिन, छोटू व अंकित निवासीगण श्यामपुर बरौली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि कस्बा में पूरी तरह से शांति है। फिर भी एहतियान पुलिस फोर्स तैनात है।