दुकान बंद कर जा रहे ज्वैलर्स के थैले को बदमाशों ने लूटा, पुलिस को देख बाइक छोड़कर हुए फरार
लोधा। अलीगढ़-पलवल मार्ग पर करसुआ के पास दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे ज्वैलर्स से बदमाशों ने तमंचा के बल पर थैला लूट लिया। पुलिस को देख बदमाश फायरिंग करते हुए अपनी बाइक को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार गौड़ा के गांव मजूपुर निवासी राहुल पुत्र कैलाश कस्बा लोधा में ज्वैलर्स की दुकान चलाते हैं। गुरुवार रात्रि में करीब 8 बजे वह अपनी दुकान को बंद कर बाइक से गांव जा रहे थे। उनके साथ करसुआ निवासी मनोज पुत्र धर्मपाल भी गांव तक जाने के लिए बाइक पर बैठ गया। जैसे ही वह अलीगढ़-पलवल मार्ग पर करसुआ की प्याऊ पहुंचे तभी वहां पर पहले से मौजूद आपचे सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनकी बाइक को रोक लिया। इस दौरान बदमाश राहुल के हाथ में लगे थैला को लूट कर भागने लगे। जिस पर राहुल व मनोज से शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी बीच वहां से गुजर रही यूपी डायल – 112 की पीआरवी को देखकर बदमाश बाइक छोड़कर फायरिंग करते हुए राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी दीवार फांदकर भाग गए। पीड़ित राहुल के अनुसार बैग में चाबी और केवल डिफिन था। इंस्पेक्टर ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि बदमाश बाइक छोड़कर फरार हो गए हैं, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। बाइक नंबर के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।