गभाना में हुए भोलू हत्याकांड के वांछित तीन आराेपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल
गभाना। जवां के हिस्ट्रीशीटर भोलू ठाकुर उर्फ भोलू गढ़िया हत्याकांड के मामले में पुलिस ने वांछित चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि पुलिस दो नामजद आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
यह था पूरा मामला
थाना जवां क्षेत्र के गढ़िया भोजपुर निवासी 38 वर्षीय भोलू ठाकुर उर्फ सुनील पुत्र शिशुपाल सिंह 31 जुलाई को थाना लोधा में चिकावटी स्थित एक रेस्टोरेंट के उद्घाटन के कार्यक्रम में गांव के संजीव कुमार, अपने दोस्त सुनील निवासी तेजपुर आदि के साथ स्कॉर्पियो कार से शामिल होने गया था। रेस्टोरेंट के उद्घाटन समारोह में ग्वालरा निवासी पंकज भी अपने साथियों के साथ शामिल हुआ।
जहां फिर से पंकज और भोलू ठाकुर के बीच कहासुनी हुई। पंकज, चंद्रवीर आदि युवकों ने भोलू ठाकुर के साथ मारपीट कर दी और स्कॉर्पियो कार के शीशे भी तोड़ दिए थे। किसी तरह लोगों ने बीच-बचाव कराया और भोलू ठाकुर को घर भेज दिया था। भोलू ठाकुर दोस्त सुनील कुमार के साथ गभाना बरौली रोड होते हुए अपने गांव जा रहे थे।
तभी रात करीब 11 बजे पीछा करते हुए बाइक व कार सवारों ने रिलायंस पेट्रोल पंप के पास भोलू ठाकुर को हमलावरों ने गोली मार दी थी। गोली बाएं कंधे से सीने में जा घुसी और मौके पर ही भोलू ठाकुर ने दम तोड़ दिया था। जानकारी पर इलाका पुलिस के अलावा एसएसपी कलानिधि नैथानी, पुलिस अधीक्षक यातायात मुकेश चंद्र उत्तम, क्षेत्राधिकारी गभाना सुमन कनौजिया समेत विभिन्न थानों की पुलिस, सर्विलांस, फारेंसिक आदि टीमें पहुंच गई। जांच पड़ताल के दौरान कार में कारतूस का एक खोखा बरामद हुआ था।
दो नामजद समेत छह-सात अज्ञात के खिलाफ कराया था मुकदमा दर्ज
भोलू ठाकुर के भाई राहुल कुमार ने पंकज कुमार और चंद्रवीर निवासी ग्वालरा, थाना गभाना को नामजद करते हुए छह- सात अज्ञात खिलाफ हत्या, एक राय होकर मारपीट एवं जानलेवा हमले और स्कॉर्पियो कार को क्षतिग्रस्त करने का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पुलिस पूर्व में ही आरोपी पंकज व चंद्रवीर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
प्रकाश में आए तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
सीओ गभाना सुमन कनौजिया ने बताया कि पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में प्रकाश में आए रोरावर के वसुंधरा कालोनी निवासी हर्षित राणा उर्फ हर्षित पुत्र अजयपाल सिंह व सत्यम उर्फ नरेंद्र पुत्र राजेश निवासी लोधा को महरावल पुल के नीचे से तथा तरूण उर्फ तनु पुत्र राजबहादुर निवासी टापा खुर्द कोटला रोेडफतेहपुरा थाना नारकी, फिरोजाबाद हाल निवासी गायत्री नगर थाना बन्नादेवी को हापुड़-मुरादाबाद रोड हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें रविवार को कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया है।
पकड़ने वाली पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इंस्पेक्टर रामकुंवर सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक महावीर सिंह, हेड कांस्टेबल शिवनंदन, कांस्टेबल संजीव कुमार