रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

दौरऊ में विवाद में बाइकर्स गैंग आपस में भिड़े,फायरिंग में राहगीर की मौत

- पुलिस ने छह लोगों को असलाह समेत किया गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की टीमें

गभाना। थाना चंडौस क्षेत्र में दौरऊ में जुनियर हाईस्कूल विद्यालय के पास रविवार दोपहर में दो बाइकर्स गैंग आपसी विवाद में आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंंग हुई। इससे इलाके में खलबली मच गई। फायरिंग में मची अफरा-तफरी के दौरान एक दुकान पर खड़े एक राहगीर की सीने में गोली लग जाने से मौत हो गई। वारदात की घटना को लेकर एसएसपी समेत आला अफसर मौके पर पहुंच गए। पुलिस की टीमें बाइकर्स गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गईं। देर रात तक पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। जिनसे घटना में प्रयुक्त असलाह को बरामद कर लेने का पुलिस ने दावा किया है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। टीमें पकड़े गए आरोपियों के फरार साथियों की तलाश में जुूटी हुई हैं।

मृतक उमेश कुमार, फाइल फोटो

चंडौस थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर निवासी 55 वर्षीय उमेश कुमार चौहान फरीदाबाद ( हरियाणा ) में नौकरी करते थे ।वे रविवार को फरीदाबाद से बस से घर आ रहे थे । जैसे ही वे दौरऊ मोड़ पर उतरकर रेलवे पुल को पार कर दौरऊ-चंडौस मार्ग स्थित जूनियर हाईस्कूल के पास स्थित एक दुकान पर खड़े होकर कुछ सामान खरीद रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तभी दो पक्ष जो कई बाइकों पर सवार थे, आ गए।

दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर पहले विवाद हुआ फिर उनके बीच कई राउंड तक फायरिंग हुई। इस दौरान लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में चली एक गोली दुकान पर सामान खरीद रहे उमेश चौहान के सीने में जा लगी। जिससे वह लहुलुहान होकर गिर पड़े। उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उमेश चौहान को मृत घोषित कर दिया।

यह देख बाइकर्स गैंग से जुड़े दोनों ही पक्ष वहां से फरार हो गए । घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। उमेश चौहान के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इलाका पुलिस के अलावा एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी मुकेश चंद्र उत्तम, सीओ गभाना सुमन कनौजिया एवं फाॅरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उमेश चौहान तीन बच्चों के पिता थे।

दस लोगों को किया नामजद

मामले में मृतक उमेश चौहान के बेटा दीपक चौहान ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए बताया कि रविवार दोपहर में करीब एक बजे उसके पिता दौरऊ पुल के पास नूरपुर तिराहे पर चाय की दुकान पर खड़े थे। तभी गोरना निवासी दीपक उर्फ छोटू, बुलंदशहर के थाना अरनियां के क्योली निवासी मोंटी, भोलू, खैर के लक्ष्मणगढ़ी निवासी सचिन सारस्वत, कन्होई निवासी शिवम उर्फ भूरिया, पनिहावर निवासी हेमवंत, पंकज, विपिन, चिलावटी निवासी मोनू, दौरऊ निवासी अभिषेक समेत अन्य लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। तभी पिता ने इन लोगों को रोका तो उक्त आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई कर डाली। इसी बीच उक्त लोगों ने लोगों ने तमंचे निकाल लिए और पिता की गोली मारकर हत्या कर दी।

छह आरोपी पकड़े, शेष की तलाश जारी

एसएसपी कलानिधि नैथानी के अनुसार मामले में मृतक उमेश चौहान के बेटे दीपक चौहान की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमों ने अब तक छह आरोपियों को चिन्हित करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से असलाह भी बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि जांच में जानकारी हुई है कि दोनों पक्षों में दो दिन पूर्व बुलंदशहर के थाना अरनियां क्षेत्र में भी विवाद हुआ था। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, इसके आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में टीमें जुटी हुई हैं।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!