रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कैंटर ने टेंपो में मारी टक्कर, दबकर वृद्ध महिला की हुई मौत, पांच घायल

अलीगढ़। थाना जवां क्षेत्र में तेजपुर के पास कैंटर ने टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों वाहन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गए। हादसे में टेंपो सवार एक वृद्ध महिला की कैंटर के नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करा दिया।मिली जानकारी के अनुसार बुलंदशहर के थाना डिबाई के गांव कसेर कलां निवासी राजवीर सिंह अपनी 61 वर्षीय पत्नी केला देवी की आंखें दिखाने के लिए दो दिन पूर्व अलीगढ़ स्थित अपने बेटा पंकज कुमार के यहां आए हुए थे। शनिवार की सुबह वह पत्नी व धेवते मोहित के साथ टेंपो से गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनका टेंपो जवां क्षेत्र में तेजपुर के पास पहुंचा तभी लोहे के पाइपों से भरे कैंटर ने टेंपों में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टेंपों सड़क किनारे गड्डे में पलट गया और उसकी के ऊपर कैंटर भी गिर पड़ा। हादसे में केला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजवीर सिंह, मोहित के अलावा दो अन्य सवारी व टेंपो चालक गुड्डू निवासी जमालपुर घायल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को कैंटर के नीचे से निकलवाकर उपचार को अस्पताल में भर्ती करा दिया, वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

 

ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, ससुर की मौत, बहू समेत तीन घायल

अतरौली। थाना क्षेत्र के गांव जिरौली के पास शनिवार को ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ससुर की मौत हो गई, जबकि उसकी बहु व पोता-पोती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार बुलंदशहर के रामघाट थाना क्षेत्र के गांव नगला विधि निवासी 45 वर्षीय हंसराज शनिवार को पुत्र वधु गीता, पोता भविष्य व पोती रीया को बाइक से अतरौली दवा दिलाने के लिए आ रहे थे। तभी गांव जिरौली के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टर से हंसराज को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर परिजन भी अलीगढ़ पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है, वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। उधर घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!