कांवड़ लेने जा रहे बाइक सवार मथुरा के युवक को ट्रक ने मारी टक्कर, मौत
अतरौली। क्षेत्र के गांव जाऊपुर हौज के पास कांवड़ लेने जा रहे मथुरा के युवक की बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कांवड़िया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान मृतक के साथी परिजनों के न आने तक शव को न उठाने की जिद पर अड़े रहे, हालांकि पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मथुरा के लक्ष्मीनगर की रामनगर कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय विवेक उर्फ भोलू पुत्र शंभू सिंह अपने बड़े भाई सौरभ व अन्य साथियों के साथ रविवार को बाइकों से बुलंदशहर के रामघाट गंगा तट पर कांवड़ लेने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह गांव चाऊपुर हौज के निकट वीरांगना अबंतीबाई राजकीय महाविद्यालय के पास पहुंचे तभी पीटे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने विवेक की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विवेक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। विवेक के साथियों ने टक्कर मारकर भाग रहे ट्रक का पीछा कर पकड़ लिया।
हादसे की सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने लगी, लेकिन मृतक के भाई सौरभ व अन्य साथी परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद ही शव उठवाने की जिद पर अड़े रहे। पुलिस ने बमुश्किल उन्हें समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया, वहीं ट्रक को कब्जे में लेकर थाना भिजवा दिया। घटना के बाद मृतक के भाई सौरभ का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।