चंडौस में विवादित स्थल पर कैमरे लगाने को लेकर ग्रामीणों में पनपा रोष
चंडौस। कस्बा के रामलीला मैदान में मस्जिद कमेटी की ओर से सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। जानकारी पर रामलीला कमेटी के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले को लेकर नाराजगी जताते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गुस्साएं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराते हुए विवादित स्थल से सीसीटीबी कैमरों को हटवा दिया।
बता दें कस्बा में रामलीला मैदान व मुस्लिम समुदाय के धार्मिक स्थल को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। शनिवार रात्रि में मुस्लिम समुदाय लोगों ने रामलीला मैदान की ओर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए। रविवार को जब इसकी जानकारी लोगों को हुई तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। रामलीला कमेटी पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वहां लगे कैमरों को हटवा दिया। इसी बीच मुस्लिम समुदाय से आदिल नाम का एक व्यक्ति कैमरों को हटाने का विरोध करने लगा। जिस पर पुलिस ने उसे शांतिभंग में पाबंद किया है। एसडीएम केबी सिंह ने बताया कि दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है, दोनों ही पक्षों को कोई भी निर्माण कार्य न कराने के निर्देश दिए हैं, यदि किसी ने भी माहौल खराब करने का प्रयास किया तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।