बाबूजी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने अलीगढ़ आएंगे, गृहमंत्री अमित शाह, स्मृति ईरानी एवं मुख्यमंत्री योगी
अलीगढ़। हिंदू सम्राट एवं अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के राज्यपाल रहे स्व. कल्याण सिंह बाबूजी की दूसरी पुण्यतिथि पर सोमवार को नुमाइश ग्राउंड में श्रद्धांजलि सभा एवं हिंदू गौरव दिवस का आयोजन होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय बाल एवं महिला कल्याण मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी के अलावा प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया समेत केंद्रीय एवं प्रदेश मंत्री मंडल के करीब 45 मंत्री भाग लेंगे। सुबह 11 बजे से आयाेजित कार्यक्रम करीब चार घंटे तक चलेगा। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। चप्पे -चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है और भीड़ को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।
यह मंत्री कार्यक्रम में होंगे शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की दूसरी पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा एवं हिंदू गौरव दिवस समारोह में केंद्र और प्रदेश के विभिन्न मंत्री शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इनमें मुख्य रूप से जिले के प्रभारी मंत्री व प्रदेश के गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग मंत्री बेबी रानी मौर्य, पशुधन एवं दुग्ध विकास, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज, राजनैतिक पेंशन तथा राजनैतिक सुरक्षा विभाग धर्मपाल सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग मंत्री जयवीर सिंह, लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद, उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि निर्यात दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन, डाॅ. अरूण कुमार सक्सेना, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता विभाग जेपीएस राठौर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग कपिलदेव अग्रवाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नरेन्द्र कश्यप, राज्यमंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग बलदेव सिंह औलख, राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग मनोहर लाल (मन्नू कोरी), राज्यमंत्री संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग मयंकेश्वर शरण सिंह, राज्यमंत्री उच्च शिक्षा विभाग रजनी तिवारी, राज्यमंत्री ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग विजय लक्ष्मी गौतम समेत अन्य केन्द्र एवं राज्य सरकार के तमाम मंत्री एवं पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रदेश भर से आएंगे जनप्रतिनिधि
पूर्व सीएम स्व. कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए प्रदेश भर के तमाम जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र एवं एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, पौत्र एवं राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह भी मौजूद रहेंगे। इनके साथ अलीगढ़ मंडल व आसपास के विभिन्न जिलों के सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
गृहमंत्री व सीएम का नुमाइश में उतरेगा हेलीकॉप्टर
वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त प्रबंध किए हैं और चप्पे-चप्पे पर फोर्स की तैनाती रहेगी। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए नुमाइश मैदान में ही हैलीपैड बनाया गया है। दोनों नेताओं के हैलीकॉप्टर नुमाइश मैदान में ही उतरेंगे और वह सीधे कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम और अन्य मंत्रियों के हैलीकॉप्टर के लिए धनीपुर हवाई पट्टी में व्यवस्था की गर्इ है। सूबे के दोनों डिप्टी सीएम धनीपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगे और फिर कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से होते हुए नुमाइश मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। इसके साथ विभिन्न मंत्रियों और जनप्रतनिधि जो सड़क मार्ग से आएंगे।
3000 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा में रहेंगे मुस्तैद
हिंदू गौरव दिवस कार्यक्रम में अलीगढ़ मंडल के चारों जिलों के अलावा बुलंदशहर और आसपास के विभिन्न जिलों से पुलिस अधिकारी एवं फोर्स बुलाई गर्इ है। यह फोर्स सोमवार को होने वाले इस कार्यक्रम में सुरक्षा से लेकर यातायात प्रबंधन और प्रोटोकॉल की जिम्मेदारियों को पूरा करेगी। वीवीआईपी कार्यक्रम में पुलिस, पीएसी, केंद्रीय बल, सीआरपीएफ के 3000 से ज्यादा पुलिस कर्मी और अधिकारी तैनात किए गए हैं। जो हर एक गतिविधि पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्रियों के साथ सुरक्षा एजेंसी और एनएसजी कमांडो की टीम भी मौजूद रहेगी, जो फर्स्ट लेयर की सिक्योरिटी संभालेगी। फर्स्ट लेयर तक किसी को भी पहुंचने की अनुमति नहीं रहेगी। जिन जनप्रतिनिधियों के नाम पहले से सूची में शामिल हैं, उन्हें ही मंच पर स्थान दिया जाएगा।
हर साल मनाया जाएगा हिंदू गौरव दिवस
पूर्व मुख्यमंत्री की दूसरी पुण्यतिथि से हिंदू गौरव दिवस मनाने की परंपरा शुरू की गई है। अब भाजपा की ओर से इस दिन को हर साल मनाया जाएगा और इस मौके पर विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। सोमवार को होने वाले इस कार्यक्रम में भी जिला स्तर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।