फर्जी कागजों से पाई आंगनबाड़ी की नौकरी, बेटे ने की शिकायत
इगलास। क्षेत्र के गांव मई सुभाष ग्राम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्रों से नौकरी पाने का आरोप लगाया गया है। आरोप लगाने वाला और कोई नहीं आंगनबाड़ी का बेटा है। उसने मां पर खाद्यान्न को ब्लैक करने के भी आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की गई है। हालांकि मां के द्वारा भी बेटों पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी पंजीकृत कराई गई हैं।
गांव मई सुभाष ग्राम में विशेष देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। इनपर तीन बेटे नरेश कुमार, महेश कुमार व नरेंद्र कुमार, दो बेटी दीपेश व रुपेश हैं। नरेश उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत है तो वहीं महेश राशन डीलर है। दोनों बड़े बेटों व मां के बीच रेखा खिंच गई है। नरेश व महेश द्वारा संपूर्ण समाधान दिवस व आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई हैं।
इनका आरोप है कि विशेष देवी ने हाईस्कूल के फर्जी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करके आंगनबाड़ी की नौकरी प्राप्त की है। सीडीपीओ की जांच में विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाण पत्रों के असत्य होने की पुष्टी की गई है। आरोप है कि महिला द्वारा खाद्यान्न को ब्लैक करके बाजार में बेचा जाता है। शिकायतों के बाबजूद भी उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इस संबंध में सीडीपीओ विष्णु कुमार का कहना है कि आंगनबाड़ी के हाईस्कूल के प्रमाण पत्र विद्यालय से जांच में असत्य पाए गए हैं। इस संबंध में बोर्ड कार्यालय से जानकारी मांगी गई है। इसके बाद ही कार्रवाई होगी। खाद्यान्न बेचने की बात गलत है। जांच में कुछ अनियमितता मिली थी इसके चलते मानदेय रोका गया है। शिकायतें आपसी विवाद के चलते की जा रही हैं।