भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक है रक्षाबंधन – अभिमन्युराज
गभाना के श्री लक्ष्मीराज इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
गभाना। नगर के श्री लक्ष्मीराज इंटर कॉलेज में बुधवार को रक्षाबंधन पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। बहनों ने भाईयों की कलाईयों पर रेशम के सुंदर धागों से बनी राखियां बांधी साथ ही उनके माथे पर तिलक लगाकर व मिठाई खिलाकर उनकी लंबी आयु की कामना की। बदले में भाईयों ने बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन कुंवर अभिमन्युराज सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में विश्वास का बंधन ही मूल है और रक्षाबंधन इसी विश्वास का बंधन है। यह भाई-बहन के पवित्र स्नेह का त्योहार है। यह त्योहार किसी एक जाति या धर्म का नहीं है, बल्कि सभी भाई-बहनों के अटूट स्नेह का प्रतीक है। यह पर्व मात्र रक्षासूत्र के रूप में राखी बांधकर रक्षा का वचन ही नहीं देता, बल्कि प्रेम, समर्पण, निष्ठा व संकल्प के जरिए हृदयों को बांधने का वचन देता है।
प्रधानाचार्य डॉ. विजेंद्र कुमार शर्मा ने भी रक्षाबंधन पर्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज में इस तरह के कार्यक्रम हमेशा होते रहते हैं, जिससे छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ अपनी सभ्यता व संस्कृति को भी समझ सकें। इस दौरान छात्राओं व शिक्षिकाओं ने चैयरमैन व शिक्षकों के तिलक लगाकर व राखी बांधकर उनके दीघार्यु की कामना की।
इस मौके पर यशपाल सिंह, साधना सिंह, गरिमा सिंह, देव प्रभा, मीनू रानी, सीमा सिंह, उदयवीर सिंह, राधेश्याम, सरनाम सिंह, अनिल शर्मा, अखिलेश कुमार मिश्रा, हिमांशू शर्मा आदि मौजूद रहे।