एलबीके में बाल कृष्ण के रूप में दिखे नन्हे कलाकार
एलबीके पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल इगलास में श्री कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर “कृष्ण जन्मोत्सव” हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिसमें नन्हे नन्हे बाल कलाकारों ने राधा कृष्ण रूप सज्जा के साथ-साथ श्री कृष्ण की बाल लीलाओं का भी मंचन किया।
जन्मोत्सव में विद्यालय परिवेश में सुबह से ही पर्व की धूम मची रही, छोटे-छोटे बच्चे राधा-कृष्ण का स्वरूप बने प्रसन्न चित्त एवं मनमोहक लग रहे थे। छोटे-छोटे कृष्ण के हाथों में बांसुरी, मोर मुकुट, पीत वस्त्र दर्शकों को आकर्षित कर रहे थे तो वही राधा स्वरुप बालिकाओं के परिधान व मेहंदी सजे छोटे-छोटे हाथ राधा कृष्ण की स्मृतियों को ताजा कर रहे थे।
बाल कलाकारों ने जन्मोत्सव से पूर्व विद्यालय प्रांगण को गुब्बारों, रंगीन पट्टिकाओं एवं पताकाओं से सजाया तत्पश्चात माखन चोरी लीला का नाट्य मंचन भी किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा गीत, कविता, भाषण आदि की भी प्रस्तुति सराहनीय रही, जिसमें “मैया मुझको श्याम बना दे बैठ कदम की डार बांसुरी बजाऊंगा” गीत प्रस्तुति ने सबको अपनी ओर आकर्षित किया।
इस अवसर पर शिक्षक राजेश उपाध्याय ने कृष्ण के आदर्श व कृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए बच्चों को प्रेरित किया व कृष्ण के बताए मार्ग का अनुसरण करने को कहा।
शिक्षिका नीतू तोमर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के परिवेश में कृष्ण का अवतार होता और कृष्ण चाँद की जिद करते तो मां यशोदा चंद्रयान द्वारा श्री कृष्ण को चांद पर ले जाती।
प्रधानाचार्य रुबीना शाहीन ने कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामानाएँ देते हुए कहा कि जब पृथ्वी पर अत्याचार, भ्रष्टाचार, भाई भतीजा वाद, स्वार्थपन बढ़ जाता है तभी समय समय पर कृष्ण जैसे महापुरुषों का पापियों के विनाश के लिए अवतार होता रहा है।
इस अवसर पर प्रियंका अग्रवाल, सीमा खुराना, नूतन मित्तल, प्रीति सिंह, माधुरी वर्मा, ज्योत्सना शर्मा, शुभम शर्मा, राहुल उपाध्याय, सीपी सिंह आदि शिक्षक गण उपस्थित रहे।