चारागाह से कब्जा हटवाना पड़ा महंगा, राजस्व टीम को बनाया बंधक
- एसडीएम, सीओ, तहसीलदार एवं पुलिस बल ने कराया बंधन से मुक्त
गभाना। थाना गभाना क्षेत्र के कलुवा गांव में चारागाह पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों को रोकना एवं कब्जे को हटवाना तहसील गभाना की राजस्व टीम को खासा भारी पड़ गया। टीम की इस कार्रवाई के विरोध में ग्रामीण आ गए और टीम से अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की कर दी और सरकारी दस्तावेजों को फाड़ने का प्रयास किया। किसी तरह अफसरों को इसकी जानकारी मिली और वे गांव पहुंचे। तब कहीं जाकर राजस्व टीम ग्रामीणों के बंधन से मुक्त हुई ।
थाना समाधान दिवस में हुई शिकायत
गांव कलुवा में चारागाह की जमीन पर ग्राम प्रधान द्वारा अन्य ग्रामीणों की मदद से अवैध कब्जा कर लेने की शिकायत गभाना थाने पर एसडीएम केबी सिंह की अध्यक्षता में चल रहे थाना समाधान दिवस कार्यक्रम में सामने आयी। एसडीएम ने ग्राम प्रधान को थाने पर बुलाया। प्रधान थाने में पहुंचा और कहा कि वह ग्रामीणों के सहयोग से पार्क का निर्माण करा रहे हैं। जिस पर प्रधान को कब्जा हटवाने एवं चारागाह की जमीन को खाली करने के निेेर्देश दिए। एसडीएम ने बाद में राजस्व निरीक्षक गभाना शशि पांडेय, लेखपाल गोपीनाथ पांडेय एवं रेशमपाल सिंह इलाका पुलिस के साथ राजस्व टीम गांव कलुवा पहुंची।

अवैध कब्जा हटवाने पर हुआ विरोध
राजस्व टीम ने चारागाह की जमीन पर अवैध कब्जा हटवाना शुरू किया तो ग्राम प्रधान डिगंबर सिंह ग्रामीणों के साथ वहां आ गए। आरोप है कि प्रधान ने ग्रामीणों को भड़का दिया तो ग्रामीणों ने एक राय होकर राजस्व टीम को बंधक बना लिया और अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की कर डाली। राजस्व टीम का आरोप है कि ग्रामीणों ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के साथ ही राजस्व अभिलेखों को छीनकर उन्हें फाड़ने का भी प्रयास किया। इतना ही नहीं राजस्व टीम को जान से मारने की धमकी दी। टीम ने पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी।
दौड़ते गांव पहुंचे अफसर
राजस्व टीम को बंधक बना लेने की खबर पर गांव में सबसे पहले तहसीलदार अवनीश कुमार दौड़ते हुए पहुंचे। इसके बाद एसडीएम केबी सिंह, सीओ सुमन कनौजिया के अलावा थाना गभाना से भारी फोर्स गांव में पहुंच गया। अफसरों ने ग्रामीणों से बातचीत की तब कहीं जाकर राजस्व टीम को बंधन मुक्त कराया
जा सका।
लेखपाल ने दी तहरीर
लेखपाल रेशमपाल सिंह की ओर से थाने में ग्राम प्रधान डिगंबर सिंह के अलावा पहचान में आए गांव के अमर सिंह, मोहन, प्रेम, विकास, बलवीर सिंह, किशोरीलाल, सतीश, बच्चन समस्त निवासी कलुवा एवं मोती, प्रभात, वीरू निवासी गिरधरपुर, गभाना समेत 12 नामजद एवं 25-30 अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराने को तहरीर दी है। सीओ गभाना सुमन कनौजिया ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।