दहेली की पोखर में ग्रामीणों को दिखा मगरमच्छ, दहशत
गभाना। तहसील गभाना क्षेत्र के गांव दहेली में पोखर में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों ने मगरमच्छ को पकड़वाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के सहारे करीब 12 बीघा में पोखर है। उसमें पिछले तीन दिन से ग्रामीणों को मगरमच्छ दिखाई दे रहा है। जिसकी ग्रामीणों ने वीडियो भी बना ली है। ग्रामीणों के अनुसार पोखर में एक नहीं बल्कि कई मगरमच्छ हो सकते हैं। मामले में उन्होंने थाना जवां पुलिस के अलावा उपजिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को भी अवगत करा दिया है। ग्रामीणों को भय सता रहा है कि पोखर बिल्कुल बस्ती से सटी हुई है, जबकि वहां पर अक्सर बच्चे भी खेलते हैं। उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए मगरमच्छ को पकड़वाने व अन्य की तलाश कराने की मांग की है। एसडीएम गभाना केबी सिंह ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है, जल्द ही मगरमच्छ को पकड़वाया जाएगा।