अचलताल स्थित प्राचीन सिद्धपीठ गणेश मंदिर में होंगे 11 दिवसीय गणेश चतुर्थी कार्यक्रम
अलीगढ़। महानगर के अचलताल स्थित प्राचीन गणेश मंदिर पर 18 सितंबर से 28 सितंबर तक 11 दिवसीय गणेश चतुर्थी कार्यक्रम का आयोजन होगा। मंदिर महंत विनय नाथ ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि पहले दिन सोमवार को सुबह 11 बजे शिव-पार्वती विवाह, 19 सितंबर को गणेश जी का दुग्धाभिषेक, चोला श्रंगार, मंगला आरती एवं नगर भ्रमण के बाद प्रतिमा स्थापना की जाएगी। शाम को स्वर्ण श्रंगार एवं भव्य फूल बंगला एवं शाम को महाआरती का आयोजन किया जाएगा। 20 सितंबर को सुबह गणेशजी का स्नान एवं श्रंगार करने के बाद ऋषि पंचमी कथा एवं अर्थव शीर्ष पाठ, रिद्धी- सिद्धी गणपति कष्ट निवारण यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। शाम को गणेश भगवान की एक विशाल शोभा यात्रा निकलेगी। 21 सितंबर को संत बसंत विदाई कार्यक्रम के उपरांत भंडारा होगा। 22 सितंबर को सुंदरकांड पाठ एवं रात्रि विराट रसिया दंगल, 23 सितंबर को सुबह 11 बजे माता की अर्थ चौकी, 24 सितंबर को छठी पूजन, 25 सितंबर को रुद्राभिषेक, 26 सितंबर को भव्य फूल बंगला, मोदक एवं छप्पन भोग गणेश जी को अर्पण किया जाएगा। शाम को पानीपत से आए कलाकार हरजीत दीवाना एवं काव्या सैनी भरतपुर की भजन संध्या तथा 28 सितंबर को गणेश जी की प्रभात फेरी निकालकर विसर्जन यात्रा अचलताल स्थित प्राचीन सिद्ध पीठ गणेश मंदिर से राजघाट प्रस्थान करेगी। इस दौरान विनय वार्ष्णेय, गोवर्धन वार्ष्णेय, रवि वर्मा, कृपा देवी, उमेश वार्ष्णेय, दिलीप सैनी, चित्रांश गुप्ता, अमित वार्ष्णेय, मीडिया प्रभारी ललित वार्ष्णेय मौजूद रहे।