दोस्त के साथ नहर में नहाने गए किशोर की डूबकर हुई मौत, 12 घंटे बाद मिला शव
इगलास। क्षेत्र के गांव खेड़िया गुरदेव व नौगवां के मध्य नहर में नहाने के दौरान एक किशोर की डूबकर मौत हो गई। क्षेत्रीय ग्रामीण व प्रशासनिक अधिकारियों ने किशोर की तलाश शुरू कर दी। करीब 12 घंटे की तलाश के बाद किशोर का शव गुरुवार की सुबह मिल गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
गांव खेड़िया गुरुदेव निवासी गुलाब सिंह मजदूरी पर परिवार के साथ धान की कटाई कर रहे थे। उनका14 वर्षीय बेटा लोकेश बुधवार शाम करीब छह बजे दोस्त सुरजीत के साथ गंग नहर में स्नान करने की कहकर चला गया। दोनों दोस्तों ने खेड़िया गुरदेव व नौगवां के मध्य नहर पर बने पुल से छलांग लगा दी। सुरजीत तो तैर कर बाहर आ गया, लेकिन लोकेश नहर में डूब गया। सुरजीत दौड़कर गांव पहुंचा और लोकेश के डूबने की बात ग्रामीणों व परिजनों को बताई।
जानकारी पर खेड़िया के साथ ही नौगवां गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने लोकेश को काफी तलाश किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सूचना पर एसडीएम महिमा राजपूत, सीओ डाॅ. कृष्ण गोपाल सिंह, इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लोकेश की तलाश शुरू कर दी, देर रात्रि तक लोकेश का कहीं पता न चल सका। गुरुवार की सुबह पुलिस प्रशासन और पीएसी की टीम ने रेस्क्यू कर किशोर के शव को तलाश कर लिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।