शादी में डांस के दौरान हुए विवाद में युवक को मारी गोली, गंभीर घायल
- सिविल लाइन थाना क्षेत्र की घटना, घायल को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
अलीगढ़। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के जमालपुर निवासी एक युवक को शादी में डांस के दौरान विवाद को लेकर दो युवकों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
एटा के जलेसर के मोहल्ला अग्रयान निवासी राजू मलिक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बुधवार रात्रि में उसके भांजे अब्बास मलिक पुत्र पप्पन मलिक निवसी आसिफ नगर जमालपुर को फराज उर्फ भोपा पुत्र इरफान व सुहैल पुत्र यूसुफ निवासीगण जमालपुर थाना सिवल लाइन ने तमंचे से गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसे परिजनों ने उपचार को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। सूचना पर इलाका पुलिस ने पहुंचकर जाँच पड़ताल की।
सीओ तृतीय अशोक कुमार ने बताया कि एक दिन पूर्व दोनों पक्षों में शादी को लेकर विवाद हुआ था। जिसके चलते आरोपियों ने अब्बास को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।