पोथी में खेत की जुताई कर रहे किसान पर नामजदों ने झोंका फायर, बाल-बाल बचा किसान, रिपोर्ट दर्ज
गभाना। क्षेत्र के गांव पोथी में नामजदों ने अपने खेत की जुताई कर रहे किसान पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया, जिसमें किसान बाल-बाल बच गया। आरोपियों ने किसान के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पोथी निवासी शेर सिंह चौहान ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनी 25 बीघा कृषि भूमि को गांव के ही गोविंद उर्फ गंगासहाय, जितेंद्र, उर्फ नेहरू व गंजा को पट्टे पर दे रखी थी। उक्त लोग न तो उसके बकाए का एक लाख 20 हजार रुपये दे रहे और न ही उसकी जमीन को छोड़ रहे हैं।
बुधवार सुबह वह ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई कर रहा था। तभी गोविंद, जितेंद्र, गंजा, गोविंद की पत्नी, मां, जितेंद्र की पत्नी आदि हाथों में लाठी-डंडे व तमंचा लेकर आ गए और ट्रैक्टर से उतारकर उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर डाली, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर फायर झौंक दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। शोर शराबा सुनकर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
आरोप है कि आरोपियों का एक रिश्तेदार कानूनगो है। वह उसकी जमीन पर जबरन हड़पना चाहते हैं। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़ित का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है साथ ही तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।