हाथरस एडीएम की गाड़ी की टक्कर से युवक की मौत
इगलास। कोतवाली क्षेत्र में हाथरस रोड पर गांव बेलौठ के समीप टाटा सूमो चालक ने बाइक सवार में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार थाना गौंडा क्षेत्र के गांव जगनेर निवासी 26 वर्षीय सोनवीर उर्फ सोनू पुत्र जयपाल सिंह हाथरस की प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम करते थे। शनिवार की देर शाम को वह बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह हाथरस रोड पर गांव बेलौठ के निकट पहुंचे तभी सामने से आ रही टाटा सूमो के चालक ने तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में सोनवीर की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता जयपाल सिंह की तहरीर के आधार पर टाटा सूमो के चालक के मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में जांच की रही है।
बताया जाता है बाइक में टक्कर मारने वाली टाटा सूमो हाथरस के एडीएम-ई की है। हालांकि घटना के समय एडीएम गाड़ी में मौजूद नहीं थे। चालक व गार्ड गाड़ी को किसी कार्य से लेकर आए थे। बाइक में टक्कर मारने के बाद गाड़ी गांव हरिरामपुर के समीप पेड़ से टकरा गई। जिससे गाड़ी के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना को लेकर परिजनों व ग्रामीणों में रोष है। एडीएम का कहना है कि जो गार्ड बिना जानकारी के गाड़ी लेकर गया था उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है।