रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

चंडौस में राम बरात रोकने पर हुआ बबाल, जमकर चले ईंट- पत्थर

 

– दूसरे संप्रदाय से जुड़े लोगों पर एक राय होकर हमला करने का आरोप, मारपीट में छह घायल

– डीआईजी, डीएम, एसएसपी समेत आला अफसर मौके पर पहुंचे, घंटों चला थाने पर हंगामा

– घटना से गुस्साए रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों का ऐलान नहीं करेंगे रामलीला का मंचन

चंडौस। कस्बे में चल रही रामलीला में रविवार को राम बरात के दौरान खूब बबाल हुआ । आरोप है कि राम बरात में शामिल झांकियों को दूसरे संप्रदाय से जुड़े लोगों ने रोक लिया और बरात में शामिल लोगों पर हमलावर हो गए। यहां तक कि लाठी-डंडे एवं धारदार हथियारों के बल पर उन्होंने बरात को जहां की तहां रोक दिया। विरोध पर पथराव करने के साथ ही मारपीट कर डाली। जिसमें छह लोग घायल हुए हैं। घटना को लेकर लोगों ने चंडौस -पिसावा रोड को जाम कर दिया । थाने पहुंचकर भी घंटों हंगामा किया । डीआईजी, डीएम, एसएसपी समेत तमाम अफसर घंटों आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटे रहे।देर रात एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस मुकदमे दर्ज करने की तैयारी में जुटी थी । घटना को लेकर आक्रोशित रामलीला आयोजकों ने रामलीला का मंचन न करने एवं सोमवार को बाजार बंद रखने का भी ऐलान किया है। कस्बे में तनाव को देखते हुए पीएसी, आरएएफ समेत कई थाने का फोर्स तैनात किया गया है। अफसर भी डेरा जमाए हुए हैं। इस पूरे प्रकरण में 400 वर्ग गज की जमीन को विवाद का कारण बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अफसर मामले में जांच-पड़ताल की बात कर रहे हैं।पुलिस के सामने शुरू हुआ बबाल

चंडौस कस्बे में हर साल की तरह इस बार भी पारंपरिक तरीके से रामलीला का मंचन हो रहा है। रामलीला में रविवार को श्रीराम की बरात का आयोजन किया गया। दोपहर बाद शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू हुई। जिसमें विभिन्न झांकियां शामिल थीं। राम बरात में फीडबैक एवं गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस -प्रशासनिक अधिकारी पुलिस एवं पीएसी के साथ मौजूद थे।

इसी बीच जैसे ही शोभायात्रा खैर अड्डे पर मस्जिद के सामने से गुजरी, तभी दूसरे संप्रदाय से जुड़े युवकों ने शोभायात्रा रोक दिया। आरोप है कि भीड़ के बीच से ही राम बरात में शामिल लोगों पर पथराब शुरू कर दिया । आरोप है कि इसी संप्रदाय से कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे एवं धारदार हथियार लेकर आ गए और हमलावर हो गए। जिससे बाजार में भगदड़ मच गई।

पथराव एवं मारपीट में शोभायात्रा में शामिल कस्बा के ही विष्णु शर्मा समेत छह लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान पुलिसकर्मी भी मौके से पीछे हटते नजर आए । लोगों का आरोप था कि पुलिस कर्मी सख्ती बरतते तो शायद इस तरह की घटना न होती।पुलिस – प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी

इस बीच जैसे-तैसे अफसरों ने हस्तक्षेप कर कड़ी सुरक्षा के बीच राम बरात को संपन्न कराया। फिर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर बड़ी संख्या में लोग सड़क पर आ गए और जाम लगा दिया। थाने का भी घेराव कर लिया। इस दौरान लोगों की अधिकारियों से जमकर नोंकझोंक हुई। किसी तरह पुलिस ने लोगों को थाने से दूर किया । हंगामे के बीच लोगों ने थाने के सामने चंडौस-दौरऊ मार्ग पर जाम लगा दिया और ‘पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।

हंगामे की खबर पर एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, एडीएम प्रशान पंकज कुमार के बाद डीएम इंद्रविक्रम सिंह, एसएसपी कलानिधि नैथानी एवं डीआईजी शलभ श्रीवास्तव आ गए। उन्होंने आक्रोशित लोगों से कई दौर की बातचीत की, लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोग हमलावरों के खिलाफ मुकदमा एवं उनकी गिरफ्तारी की मांग पर अडे़ रहे। हालात बिगड़ते देख जिला मुख्यालय से पीएसी एवं आरएएफ को बुलाया गया।पर्याप्त सुरक्षा बिना नहीं होगी रामलीला

रामलीला कमेटी की ओर से ऐलान किया गया कि जब तक आयोजन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलेगी तब तक रामलीला का मंचन नहीं होगा। आयोजकों का आरोप था कि दूसरे संप्रदाय से लोगों ने एक राय होकर राम बरात पर हमला किया है। वह रामलीला मंचन के दौरान फिर से हमलावर हो सकते हैं। इसलिए जब तक समुचित सुरक्षा नहीं मिलेगी तब तक रामलीला का आयोजन नहीं होगा। देर रात तक डेरा जमाए रहे अफसर

कस्बा चंडौस में हंगामे के बीच एसडीएम गभाना केबी सिंह, सीओ गभाना सुमन कनौजिया, सीओ ट्रैफिक राकेश सिसोदिया अादि मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी टीम के साथ जैसे- तैसे राम बरात को गंतव्य तक पहुंचाया और घायलों को सीएचसी भेजा। इस बीच लोगों की भीड़ थाने पर बढ़ने लगी। फिर उन्होंने हंगामा करते हुए रोड को जाम कर दिया। रात एक बजे तक तमाम पुलिस-प्रशासनिक अफसर थाने पर ही डेरा जमाए हुए थे। कस्बे में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। 150 के खिलाफ थाने में तहरीर, कई हिरासत में

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने इस पूरे प्रकरण में 31 नामजद एवं 100- 120 अज्ञात के खिलाफ शोभायात्रा में एक राय होकर लाठी-डंडे एवं धारदार हथियारों से हमलावर होने एवं पथराव करने आदि का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इस प्रकरण में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
वर्जन
कस्बा चंडौस में राम बरात में निकली शोभायात्रा के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे । एसडीएम एवं सीओ ने दोनों पक्षों को अलग कर शोभायात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराया है। एक युवक को चोंट आई है, जिसका समुचित इलाज कराया जा रहा है। दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर पुलिस की ओर से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम हैं। एक पक्ष की ओर से तहरीर मिली है, जिसकी जांच करायी जा रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। किसी को गड़बड़ी पैदा करने की इजाजत नहीं है, ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा।

– कलानिधि नैथानी, एसएसपी

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!