बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई मौत
अलीगढ़। थाना अकराबाद क्षेत्र में हाईवे पर गांव गोपी चांदपुर के पास बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार हाथरस के थाना सिकंदराराऊ के गांव बिल्हार निवासी 32 चंद्रपाल पुत्र कल्लू सिंह मेहनत मजदूरी करते थे। बुधवार शाम को वह बाइक से गोपी स्थित बाजार आए थे। जहां से वह घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर गांव गोपी चांदपुर के निकट पहुंचे तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। जब तक वह चंद्रपाल को उपचार को अस्पताल लेकर जाते उससे पूर्व ही उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक की जेब में मिले दस्तावेजों से उनकी शिनाख्त हो सकी। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है।