रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

पीएम मोदी बाबा साहब के समरस समाज की स्थापना के सपने को कर रहे साकार – सीएम योगी

– नुमाइश मैदान में आयोजित अनुसूचित जाति एवं जनजाति सम्मेलन को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित

– 496 करोड़ की लागत की 208 परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलायांस

अलीगढ़। नुमाइश मैदान में गुरुवार को अनुसूचित जाति एवं जनजाति सम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने भारत माता, बाबा साहब आंबेडकर, बांके बिहारी के जयकारे लगाकर व राधे-राधे बोल कर अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि पिछले साढे़ नौ साल के दौरान देश के अंदर बिना किसी भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने का जो कार्य प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में किया जा रहा है।

उन्होंने अनुसूचित वर्ग के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के लिए उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। पिछले साढ़े 9 सालों में देश परिवर्तन एवं विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। एक नए भारत का उदय हो रहा है। एक ऐसा भारत जिसमें जातिवाद, क्षेत्रवाद, भाषावाद के नाम पर नहीं, बल्कि सबका साथ-सबका विकास की भावनाओं के अनुरूप समाज के प्रत्येक तबके को सम्मान के भाव से आगे बढ़ाया जा रहा है। पात्रता एवं योग्यता के आधार पर विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।

रोजी-रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वावलंबन, हर क्षेत्र में इन योजनाओं को समाज के साथ जोड़ते हुए उनके जीवन को सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। आज देश के अंदर अनेक प्रकार के कार्यक्रम एवं योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जनधन खाता खोलकर समाज को भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था प्रदान की गई है। आज सहायता एवं सम्मान राशि सीधे लाभार्थी के खाते में जा रही है। हमारा अनुसूचित समाज इससे सर्वाधिक लाभान्वित हुआ है

उन्होंने कहा कि हम उस विचार प्रवाह के कार्यकर्ता हैं जिस विचार प्रवाह को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने संजीवनी प्रदान की थी. पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि आर्थिक विकास का पैमाना ऊंची सीढ़ी पर बैठे हुए व्यक्ति की आर्थिक उन्नति से नहीं है, बल्कि समाज में सबसे नीचे पायदान में बैठे हुए व्यक्ति की प्रगति की आधार पर की जानी चाहिए।बाबा साहब ने देश को एक सूत्र में बांधने का किया काम

जिन पूर्वजो ने कभी रामायण जैसा पवित्र ग्रंथ देकर भगवान श्रीराम का साक्षात्कार कराया था, श्रीमद् भागवत जैसा ग्रंथ देकर हम सभी के लिए नई प्रेरणा और विकास का प्रकाश पुंज प्रदान किया, इसके लिए हम अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि हम बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हैं, जिन्होंने स्वतंत्र भारत को एक संविधान देकर उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया। महापुरुषों को सम्मान देने की श्रृंखला में वाल्मीकि जयंती के अवसर पर हर मंदिर में अखंड रामायण पाठ के माध्यम से हम समाज को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे संत महापुरुष जिन्होंने समाज के एकीकरण, सामाजिक सुरक्षा और समृद्धि के लिए अपना योगदान दिया, उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए सरकार का यह सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि जब सरकार और समाज एक साथ जुड़ते हैं तो उसके सकारात्मक परिणाम निकलते हैं।

गिनाई सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं व उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चाहे स्वच्छता का कार्यक्रम हो या देश के अंदर 10 करोड़ गरीबों को मुफ्त में शौचालय उपलब्ध कराने का कार्य रहा हो, 60 करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास उपलब्ध कराने का कार्यक्रम हो, चाहे उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 9 करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत फ्री में रसोई गैस सिलेण्डर प्रदान करने का कार्य हो या फिर       3 करोड़ परिवारों को फ्री में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की सौभाग्य योजना के कार्यक्रम रहे हैं।

देश के भीतर 50 करोड लोगों को स्वास्थ्य बीमा का फ्री में लाभ दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से कोरोना कल में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन देने की व्यवस्था की गई। आज कोई व्यक्ति भूख नहीं मर सकता है क्योंकि प्रधानमंत्री ने व्यवस्था की है कि हर व्यक्ति को राशन मिलना चाहिए। पढ़ाई के साथ-साथ सफाई की, और फिर कमाई के साथ उत्तम स्वास्थ्य की भी सुविधा प्राप्त हो रही है।

आज उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 91 लाख बच्चों को निःशुल्क स्कूल ड्रेस, बैग, स्वेटर, पाठ्य पुस्तकों सहित सभी प्रकार की सुविधा प्रदान की जा रही हैं। स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम हो या फिर परंपरागत उद्यम हो। वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट कार्यक्रम को लेकर उत्तर प्रदेश जिस प्रकार से आगे बढ़ा है उसकी मिसाल उन किसी राज्य में नहीं मिलती है।

आज प्रधानमंत्री के लोकल फॉर वोकल के साथ लोकल फॉर ग्लोबल वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिष्ठा प्राप्त कर नए भारत का निर्माण कर रहा है। आज प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई यूनिट स्थापित कर 3 करोड लोगों को सीधे-सीधे रोजगार से जोड़ा गया है। पीएम विश्वकर्मा योजना हो या प्रदेश के अंदर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना हो, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना हो या फिर कन्या सुमंगला योजना या फिर समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य हो, सामाजिक व्यवस्था एवं प्रगति के साथ सहभागी बनने के कार्यक्रम हो यह सभी इस प्रक्रिया के साथ आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।उन्होंने विभिन्न जनजातियों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इन जातियों के लिए शासन की योजनाएं नहीं थीं। आज इन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की शत-प्रतिशत योजनाओं से आच्छादित किया गया है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में 2.75 करोड़ परिवारों को शौचालय उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। 55 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया है। एक लाख से अधिक गांव में बिजली पहुंचाने का कार्य किया गया है। 01 करोड़ 56 लाख परिवारों को फ्री में बिजली देने का कार्य किया जा रहा है।

पीएम स्वनिधि योजना में पटरी-रेहडी वालों के लिए उत्तर प्रदेश में 14 लाख लाभार्थियों को सीधे-सीधे बैंक से जोड़ने का कार्य करते हुए उन्हें रोजगार को बढ़ाने के लिए ऋण मुहैया कराकर समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया गया है। 75 लाख परिवारों को जिनका जहां पर मकान है, उनका पट्टा उपलब्ध कराकर जमीन संबंधी विवादों का समाधान कराया गया है। दिसंबर 2023 तक उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 25 लाख परिवार जो जहां बसे हैं उन्हें पीएम स्वामित्व योजना के तहत जमीन के पट्टे का लाभ दिया जाएगा।

केंद्र एवं प्रदेश सरकार के समेकित प्रयासों से अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों के लिए छात्रावास की व्यवस्था करते हुए गुणवतापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था की जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने के लिए अभ्युदय योजना के साथ अनेक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री स्टैंडअप योजना से युवाओं को जोड़ा जा रहा है। ओडीओपी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के माध्यम से युवा अपना मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।पिछली सरकारों ने बाबा साहब के नाम का वोट बैंक के लिए किया इस्तेमाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कि 2017 से पहले की सरकारों के कारनामे किसी से छुपी नहीं हैं। दलित महापुरुषों के स्मारकों को तोड़ने की बात होती थी। लगातार ऐसे कार्य किए जाते थे जिससे दलित समाज अपमानित महसूस करें, लेकिन 2017 के बाद बनी सरकार ने रुकी हुई छात्रवृत्ति को आरंभ कर समय से छात्रवृत्ति देने की व्यवस्था सुनिश्चित की। हर सरकारी कार्यालय में संविधान शिल्पी बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के चित्र की स्थापना कराई गई। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से बाबा साहब से जुड़े पंच तीर्थ प्रेरक स्थलों का विकास कराया गया है।

पहले की सरकारें बाबा साहब के नाम पर अनुसूचित वर्ग को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करती थीं, परंतु समाज को सम्मान नहीं देती थीं। आज बाबा साहब की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय केंद्र का निर्माण किया जा रहा है जो इसी वर्ष के अंत तक पूर्ण हो जाएगा। सरकार द्वारा अनुसूचित महापुरुषों की पावन जन्मभूमि पर व्यापक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

अनुसूचित जाति को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान दिए जाने के लिए हर क्षेत्र में कार्य किया जा रहे हैं। सबका साथ सबका विकास के साथ सबको सामाजिक सुरक्षा भी प्रदान की जा रही है। शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए सभी को सम्मान दिया जा रहा है। तकनीक का इस्तेमाल करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था लागू की गई है। डीबीटी एवं ई-पॉश मशीन के माध्यम से योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने समरस समाज की स्थापना करने का सपना देखा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पूरे देश में इस सपने को साकार कर रही है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में जहां एक ओर अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर की स्थापना हो रही है तो वहीं दूसरी ओर बाबा विश्वनाथ धाम पर कार्य चल रहा है। महर्षि बाल्मीकि की पावन जन्मस्थली का पुनोद्धार किया जा रहा है, तो संत रविदास जी की पावन जन्मस्थली में भी व्यापक स्तर पर सुंदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य हो रहे हैं। सम्मेलन को सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान ने भी संबोधित कर केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इससे पूर्व दुर्विजय सिंह शाक्य, कृष्ण पाल सिंह एवं राजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री काे अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया।496 करोड़ की लागत की 208 परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलायांस

मुख्यमंत्री ने नुमाइश मैदान में आयोजित अनूसूचित वर्ग सम्मेलन में जनपद को 496.46 करोड़ रूपये की 208 विकास परियोजनाओं की सौगात दी, जिसमें 231.83 करोड़ रूपये के 103 कार्यों का लोकार्पण एवं 264.63 करोड़ के 105 कार्यों का शिलान्यास शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर शिला पट्टिकाओं का अनावरण किया। वहीं कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभांवित किया। 6 माह की बेबी पल्लवी का अन्न प्राशन किया गया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, सांसद अलीगढ़ सतीश गौतम, ांसांसद एटा राजवीर सिंह राजू भैया, सांसद हाथरस राजवीर दिलेर, बीपी भारती रामचंद्र कनौजिया, जुगल किशोर, अरुण सागर, बृज बहादुर भारद्वाज, आरपी सिंह, एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह, शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा, दर्जा प्राप्त मंत्री ठा. रघुराज सिंह, बरौली विधायक ठा. जयवीर सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी, जिपं अध्यक्ष विजय सिंह, वैभव गौतम, शिवनारायण शर्मा, प्रमोद गुप्ता, पूनम बजाज, मिथिलेश कठेरिया, योगेश आर्य, बाबूराम पासवान, ठाकुर संतोष सिंह, हेमलता दिवाकर, चंद्रसेन जादौन, समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण व पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!