ड्यूटी जा रहे बाइक सवार दो होमगार्ड काे ट्रक ने मारी टक्कर, दोनों की हुई मौत
लोधा। खेरेश्वर चौहारे के पास बाइक से ड्यूटी जा रहे दो होमगार्ड को रोड़ी से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों होमगार्ड की मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों काे सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार पिसावा थाना क्षेत्र के गांव गोदोली निवासी 53 वर्षीय कालीचरन व टप्पल थाना क्षेत्र के गांव पालर निवासी 50 वर्षीय दानवीर शर्मा होमगार्ड थे। दोनों की वर्तमान में ड्यूटी थाना सासनीगेट में चल रही थी। शनिवार को दोनों एक बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
जैसे ही वह रोरावर क्षेत्र में खेरेश्वर चौराहे से कुछ दूरी पर पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रहे रोड़ी से भरे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर मौके से भाग गया।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां पर दोनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर पाकर दोनों मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद दोनों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को साैंप दिया है।